:
Breaking News

रोसड़ा बाईपास को लेकर विधायक वीरेंद्र कुमार ने पथ निर्माण मंत्री से की मुलाकात

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर | AlamKiKhabar.com
रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रोसड़ा बाईपास परियोजना को लेकर अब पहल तेज होती दिख रही है। इस मामले को लेकर रोसड़ा के विधायक एवं बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की सह समिति के सदस्य वीरेंद्र कुमार ने पथ निर्माण विभाग के माननीय मंत्री से मुलाकात कर बाईपास निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया है।
विधायक वीरेंद्र कुमार ने मंत्री को अवगत कराया कि प्रगति यात्रा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा रोसड़ा नगर में बाईपास निर्माण की घोषणा की गई थी। इसके तहत वर्ष 2024-25 में रोसड़ा नगर के लिए उत्तरी एवं दक्षिणी बाईपास की योजना स्वीकृत/प्रस्तावित है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाने से स्थानीय लोगों में निराशा है।
उत्तरी और दक्षिणी बाईपास की पूरी योजना
मंत्री से हुई मुलाकात के दौरान विधायक ने बाईपास की विस्तृत जानकारी भी साझा की—
उत्तरी बाईपास:
रोसड़ा-हथौड़ीकोठी पथ के 2वें किलोमीटर स्थित कलवारा चौक से शुरू होकर ढरहा (एसएच-88) तक, जो लालपुर मुहम्मदपुर एवं पावरा होते हुए गुजरेगा।
दक्षिणी बाईपास:
रहुआ (एसएच-55) के 26वें किलोमीटर से लेकर दौलतपुर (एसएच-55) के 37वें किलोमीटर तक, जिसकी कुल लंबाई लगभग 13.815 किलोमीटर है।
जाम और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत
विधायक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान में रोसड़ा नगर से होकर भारी वाहनों का आवागमन होने के कारण लगातार जाम और दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है। बाईपास के निर्माण से नगर क्षेत्र को भारी वाहनों से मुक्ति मिलेगी, जिससे आवागमन सुगम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास में तेजी आएगी।
मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सूत्रों के अनुसार, पथ निर्माण मंत्री ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि विभागीय स्तर पर औपचारिकताएं पूरी होते ही बाईपास निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकता है।
जनता में जगी उम्मीद
विधायक की इस पहल के बाद रोसड़ा क्षेत्र के लोगों में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि वर्षों से प्रतीक्षित बाईपास परियोजना अब धरातल पर उतरेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि बाईपास बन जाने से रोसड़ा नगर को जाम, प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाओं से बड़ी राहत मिलेगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *