:
Breaking News

मुजफ्फरपुर में अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश, STF की कार्रवाई से विकास झा गैंग को झटका

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध हथियार कारोबार के एक बड़े अड्डे का खुलासा किया है। पारू थाना क्षेत्र के मंगुरहिया गांव में की गई इस कार्रवाई में एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है, जो लंबे समय से चोरी-छिपे संचालित की जा रही थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पिता-पुत्र के नेटवर्क का खुलासा करते हुए प्रदीप शर्मा और कुख्यात अपराधी उज्जवल ठाकुर उर्फ कट्टा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उज्जवल ठाकुर सीतामढ़ी जिले के चर्चित विकास झा गैंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि इस अवैध धंधे का मास्टरमाइंड और प्रदीप का पिता रामनाथ शर्मा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रामनाथ शर्मा अपने ही घर में लंबे समय से देसी कट्टा और पिस्टल जैसे हथियारों का निर्माण करवा रहा था। वह पहले भी मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों के थानों से जेल जा चुका है और इस नेटवर्क का मुख्य संचालक माना जा रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के अलग-अलग हिस्सों से हथियारों और निर्माण सामग्री का जखीरा बरामद किया। जब्त सामानों में एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस के अलावा दो लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, 15 बैरल पाइप, स्प्रिंग और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई लोहे के औजार शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि रामनाथ शर्मा हथियार तैयार करता था, उसका बेटा प्रदीप निर्माण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाता था, जबकि उज्जवल ठाकुर उर्फ कट्टा इन हथियारों की सप्लाई का काम संभालता था। बताया जा रहा है कि उज्जवल और प्रदीप आपस में रिश्तेदार भी हैं।
बरूराज थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी उज्जवल ठाकुर पर समस्तीपुर, बेतिया और मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हाल ही में दलसिंहसराय थाना कांड में वह पुलिस टीम पर हवाई फायरिंग कर फरार हो गया था।
पारू थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार रामनाथ शर्मा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *