:
Breaking News

खगड़िया रिश्वतकांड की आंच सहरसा तक, निगरानी की छापेमारी में नकदी–जेवरात बरामद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

खगड़िया में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए प्रमंडलीय लेखा अधिकारी से जुड़ा मामला अब सहरसा तक पहुंच गया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने सहरसा के कृष्णा नगर वार्ड संख्या-37 स्थित एक आवास पर बड़ी छापेमारी कर नकदी, सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज बरामद किए हैं।
निगरानी थाना कांड संख्या 4/26 (दिनांक 08.01.2026) के तहत की गई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। डीएसपी संजय कुमार के नेतृत्व में चार सदस्यीय निगरानी टीम भारी पुलिस बल के साथ दोपहर करीब 2:30 बजे आवास पर पहुंची और रात 8 बजे तक करीब साढ़े पांच घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया।
टीम ने घर के सभी कमरों, अलमारियों और लॉकर की गहन जांच की। इस दौरान कुल 3 लाख 56 हजार 900 रुपये नकद बरामद हुए। निगरानी टीम ने इसमें से 3 लाख रुपये जब्त कर लिए, जबकि 56,900 रुपये घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिजनों के पास छोड़ दिए गए। इसके अलावा सोने की दो चेन और एक अंगूठी भी बरामद की गई है।
छापेमारी के दौरान एलआईसी पॉलिसी, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश से जुड़े अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं, जिन्हें अब निगरानी ब्यूरो आय के ज्ञात स्रोतों से मिलान करेगा।
डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई खगड़िया में हुई गिरफ्तारी की अगली कड़ी है। वहां कार्रवाई के बाद संबंधित आवास पर सहरसा में दबिश दी गई। तलाशी पूरी होने के बाद निगरानी टीम ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए घर के सदस्यों को अपनी तलाशी दी और फिर परिसर से बाहर निकली।
गौरतलब है कि खगड़िया में निगरानी विभाग ने शुक्रवार को डीआरडीए परिसर स्थित अभियंत्रण संगठन कार्यालय में पदस्थापित प्रमंडलीय लेखा अधिकारी शिशिर कुमार राम को 18 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उसी मामले से जुड़े तार सहरसा की इस छापेमारी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है। देर रात तक यह कार्रवाई सहरसा में चर्चा का विषय बनी रही।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *