:
Breaking News

समस्तीपुर में उद्योग संवाद का आयोजन, डीएम ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को जिला उद्योग केन्द्र, समस्तीपुर के सभाकक्ष में उद्योग संवाद/वार्ता का आयोजन किया गया। यह बैठक जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें जिले के उद्यमियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र विवेक कुमार शर्मा, यूनियन बैंक एवं स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, बियाडा समस्तीपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक, विद्युत विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।
उद्योग संवाद की शुरुआत परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार द्वारा उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी देने से हुई। उन्होंने राज्य सरकार के मुख्यमंत्री सात निश्चय पार्ट-03 अंतर्गत “समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार” अभियान के उद्देश्यों से उपस्थित उद्यमियों को अवगत कराया। इसके बाद महाप्रबंधक विवेक कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि जिला प्रशासन उद्योग एवं उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्यमियों से खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का आग्रह किया।
उद्योग संवाद के दौरान उद्यमियों ने कई अहम मुद्दों को उठाया। इनमें औद्योगिक इकाइयों को नियमित बिजली आपूर्ति, विधि-व्यवस्था, परिवहन विभाग की नो-एंट्री समस्या, बियाडा क्षेत्र में जल निकासी (ड्रेनेज), भूमि की उपलब्धता, बैंकों से कोलेटरल फ्री और कम ब्याज दर पर ऋण, उद्योगों के लिए डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल पावर फीडर तथा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभुकों को सरकारी निविदाओं में भागीदारी से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
इसके साथ ही निवेशकों ने जिला स्तर पर सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने की मांग की, ताकि लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य औद्योगिक प्रक्रियाओं का समाधान एक ही स्थान से हो सके।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं नीतिगत स्तर की हैं, उन्हें सरकार के समक्ष भेजा जाएगा। साथ ही महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र को निर्देश दिया कि इस तरह के उद्योग संवाद नियमित रूप से आयोजित किए जाएं और बिजली, बैंक, फूड लाइसेंस जैसे विषयों पर अलग-अलग विशेष बैठकें कर लंबित मामलों का निष्पादन कराया जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह ने विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उद्यमियों को आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि उद्योग संवाद जैसे मंचों के माध्यम से जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को नई दिशा मिलेगी। यह पहल समस्तीपुर को औद्योगिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *