:
Breaking News

राउरकेला में निजी विमान हादसा, छह लोग घायल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

ओडिशा के राउरकेला के पास शनिवार को एक निजी एयरलाइन का छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें पायलट, को-पायलट और चार यात्री घायल हो गए। चार घायलों को राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य को निजी अस्पताल में इलाज दिया गया। विमान में कैप्टन नवीन कडंगा, को-पायलट तरुण श्रीवास्तव और यात्री सुशांत कुमार बिवाल, अनीता साहू, सुनील अग्रवाल और सबिता अग्रवाल सवार थे।
घटना राउरकेला से लगभग 10 किलोमीटर दूर जलदा क्षेत्र में हुई। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी ने ट्वीट कर कहा कि सभी सवारियों के सुरक्षित रहने की खबर सुकून देने वाली है और उन्होंने घायल लोगों को तुरंत सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए।
वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री बीबी जेना ने बताया कि विमान राउरकेला से भुवनेश्वर जा रहा था और इसमें छह यात्री सवार थे। हादसे में सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है। बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निदेशक प्रसन्न प्रधान के अनुसार यह इंडिया वन एयरलाइंस का नौ सीटों वाला विमान (सी-208) था।
घटना के बाद बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। चीफ फायर ऑफिसर रमेश चंद्र माझी ने बताया कि फायर सर्विस यूनिट ने फोम का इस्तेमाल कर तेल रिसाव रोका और विमान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को जेपी हॉस्पिटल और राउरकेला सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की।
मंत्री बीबी जेना ने कहा कि राज्य सरकार ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को हादसे की जानकारी दे दी है और निरीक्षण के लिए अधिकारी जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि ईश्वर की कृपा से यह कोई बड़ी दुर्घटना नहीं बनी और सभी सवारियों की जान सुरक्षित है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *