:
Breaking News

दरभंगा प्रमण्डल में कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा, 10 जनवरी 2026: दरभंगा प्रमण्डल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में प्रमण्डलीय सभागार में कृषि एवं उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रमण्डल स्तरीय योजनाओं की प्रगति का आंकलन करना, किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना और बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था।
बैठक में आयुक्त महोदय ने फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बीज वितरण, उर्वरकों की उपलब्धता एवं आवश्यकता सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त ने दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों – दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी के जिला कृषि पदाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए कि लाइसेंस से संबंधित मामलों को लंबित न रखा जाए और नियमानुसार सभी लाइसेंस का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पॉलीहाउस योजना के अंतर्गत किसानों को वास्तविक लाभ मिले, इसकी जिम्मेदारी जिला कृषि पदाधिकारियों की होगी।
बैठक में जिला उद्यान पदाधिकारी, दरभंगा ने बागवानी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि अब तक केला और अमरूद के पौधारोपण का कार्य किया गया है। इस पर आयुक्त महोदय ने आम के पौधारोपण को बढ़ावा देने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र में फलोत्पादन को और मजबूत किया जा सके।
बैठक में मखाना क्षेत्र विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। आयुक्त ने कहा कि मखाना की बाजार में उच्च मांग है और यह क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन बन सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मखाना उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
आयुक्त महोदय ने बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे किसानों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) श्री सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी सह क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य, उप निदेशक कृषि दरभंगा प्रमण्डल, जिला उद्यान पदाधिकारी श्री नीरज कुमार झा तथा कृषि और उद्यान विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *