:
Breaking News

कल्याणपुर में बड़ी कार्रवाई, 12 चक्का ट्रक से 3602 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर: पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर के निर्देश पर शराब कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और मद्य निषेध विभाग को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार की रात कल्याणपुर थाना अंतर्गत ग्राम लदौरा में छापेमारी कर एक 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
मद्य निषेध विभाग, पटना से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 404 कार्टून में कुल 3602.16 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। यह शराब ट्रक में छुपाकर अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी।
बरामद शराब में एमसी डॉवेल्स नंबर-01 और रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की के विभिन्न साइज के बोतल शामिल हैं, जिन पर “फॉर सेल इन पंजाब ओनली” अंकित पाया गया। कई बोतलों के बैच नंबर खुरचे हुए थे, जिससे अवैध कारोबार की पुष्टि होती है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब से लदे 12 चक्का ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर HR 63C 6143) के साथ एक फास्टैग भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि शराब की खेप संगठित तरीके से लाई जा रही थी।
इस मामले में कल्याणपुर थाना में कांड संख्या 08/26 दिनांक 10 जनवरी 2026 को बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए)/41(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में ग्राम लदौरा निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बिर बाबू, इंद्रदेव कुमार उर्फ इंदल, नितिन कुमार, विमलेश कुमार, चंदन कुमार उर्फ मुन्ना, दिलीप राय सहित कुल नौ अभियुक्तों को नामजद किया गया है। इसमें वाहन चालक, वाहन मालिक एवं फास्टैग मालिक को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य शराब कारोबारियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की टीम शामिल रही, जिसमें पु०अ०नि०, स०अ०नि० तथा सिपाही स्तर के कर्मी मौजूद थे।
घटनास्थल
यह कार्रवाई ग्राम लदौरा स्थित संस्कृत विद्यालय के पश्चिम ग्रामीण पक्की सड़क पर की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *