:
Breaking News

बिहार में ठंड का कहर जारी, शीत दिवस और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार में कड़ाके की ठंड लगातार बनी हुई है और लोगों को अभी राहत मिलने के आसार कम दिख रहे हैं। शनिवार सुबह पटना समेत कई जिलों में धूप जरूर निकली, लेकिन सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बरकरार रही। पछुआ हवा ने कनकनी को और बढ़ा दिया है, जिससे सुबह और रात के समय हालात ज्यादा मुश्किल हो रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में 15 जनवरी तक शीत दिवस और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसे देखते हुए कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर में शीत दिवस को लेकर चेतावनी दी गई है। वहीं पटना समेत कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा और बेगूसराय में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा, लेकिन कई जिलों में भीषण शीत दिवस दर्ज किया गया। पूर्णिया, छपरा, दरभंगा, अररिया, मधेपुरा, वैशाली, सहरसा, अरवल और मुंगेर के कुछ हिस्सों में अत्यधिक ठंड की स्थिति बनी रही। अधिकतम तापमान राज्य में 14.2 से 23.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो गया में 4.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है, जबकि कुछ जगहों पर इसमें हल्की बढ़ोतरी भी देखी गई है।
घने कोहरे ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में दृश्यता घटकर मात्र 40 मीटर रह गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण कई जगहों पर दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट देखने को मिल सकती है। 16 जनवरी से मौसम में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद जताई गई है। तब तक लोगों को ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *