:
Breaking News

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गोलघर परिसर का दौरा कर दिया दिशा-निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को ऐतिहासिक गोलघर परिसर का निरीक्षण किया और यहां की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गोलघर पार्क, मुख्य स्ट्रक्चर, लाइट एंड साउंड शो और लेजर शो का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोलघर परिसर का सौंदर्यीकरण और रखरखाव उत्तम ढंग से किया जाए, ताकि यह पर्यटकों के लिए आकर्षक बना रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोलघर केवल एक ऐतिहासिक धरोहर ही नहीं है, बल्कि यह शहर और राज्य की पहचान भी है। उन्होंने अधिकारियों को लाइट एंड साउंड तथा लेजर शो के नियमित संचालन का भी निर्देश दिया ताकि दर्शकों को इतिहास और गोलघर की महत्ता के बारे में जानकारी मिल सके। इसके साथ ही, परिसर में डिस्प्ले बोर्ड लगाकर गोलघर की ऐतिहासिक और वास्तु कला से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित करने को कहा गया।
गोलघर का निर्माण वर्ष 1786 में अंग्रेजों के शासनकाल में किया गया था। तत्कालीन गवर्नर जनरल वॉरेन हेस्टिंग्स के निर्देश पर इसे अनाज भंडारण के लिए बनाया गया था, ताकि अकाल जैसी स्थिति में आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जा सके। गोलघर की ऊंचाई लगभग 29 मीटर है और इसे ऊपर तक पहुंचने के लिए 145 सीढ़ियां बनाई गई हैं, जो घड़ी की सुई की दिशा में घूमते हुए ऊपर जाती हैं। ऊपरी हिस्से से गंगा नदी और पटना शहर का मनोरम दृश्य दिखाई देता है, जो पर्यटकों को बहुत आकर्षित करता है।
आज गोलघर केवल एक ऐतिहासिक इमारत नहीं, बल्कि राजधानी पटना का प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है। राज्य सरकार समय-समय पर इसे और विकसित करने के लिए सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार की योजनाएं चला रही है।
इस अवसर पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *