:
Breaking News

सीएम नीतीश से मिले चिराग पासवान, सियासी संकेतों के बीच बढ़ी हलचल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: बिहार की राजनीति में जारी सरगर्मी के बीच रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री व लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई। चिराग पासवान सुबह सीएम आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई। इस दौरान लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और मंत्री संजय पासवान भी मौजूद थे।
नए साल में यह चिराग पासवान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहली औपचारिक मुलाकात थी। मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट कर नए साल की बधाई दी।
कैबिनेट विस्तार को लेकर बढ़ी चर्चाएं
इस मुलाकात को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब खरमास के बाद नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में नीतीश कैबिनेट में 26 मंत्री हैं और करीब 10 नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि संभावित विस्तार में 4 मंत्री भाजपा कोटे से और 6 मंत्री जदयू कोटे से बनाए जा सकते हैं। सहयोगी दलों को पहले ही मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिल चुका है।
भारत रत्न की मांग को भी मिला समर्थन
इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग भी राजनीतिक हलकों में जोर पकड़ रही है। जदयू नेता केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नीतीश कुमार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजने की मांग की है। इस मांग पर चिराग पासवान ने भी खुलकर समर्थन जताया है।
चिराग पासवान ने कहा था कि पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार ने जिस तरह बिहार का नेतृत्व किया है, वह सराहनीय है। उनके अनुसार, नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्य उन्हें भारत रत्न जैसे सम्मान के योग्य बनाते हैं।
सियासी मायने
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चिराग पासवान और मुख्यमंत्री की यह मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक समीकरणों को लेकर इसके संकेत देखे जा रहे हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *