:
Breaking News

इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा युवक, साथ में ले आया तीन जिंदा कोबरा; सदर अस्पताल में मचा हड़कंप

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

सासाराम: बिहार के सासाराम सदर अस्पताल में शनिवार को ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को दहशत में डाल दिया। इलाज कराने पहुंचे एक युवक के साथ अचानक तीन-तीन ज़िंदा कोबरा सांप निकल आए। देखते ही देखते ट्रॉमा सेंटर से लेकर ओपीडी तक अफरा-तफरी मच गई। मरीज, उनके परिजन ही नहीं, बल्कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक युवक का नाम गौतम है, जिसे एक विषैले सांप ने डस लिया था। दर्द और घबराहट के बीच वह इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसके हाथ में मौजूद बोरी ने पूरे अस्पताल को हिला दिया। जैसे ही बोरी खोली गई, उसमें से एक-एक कर करीब 10 फीट लंबे तीन विशाल कोबरा बाहर निकल आए। फुफकारते सांपों को देखकर लोग सन्न रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गौतम ने डॉक्टरों को यह दिखाने के लिए बोरी खोली कि किस सांप ने उसे काटा है। लेकिन जैसे ही कोबरा बाहर आए, हालात बेकाबू हो गए। कुछ लोग डर के मारे जमीन पर बैठ गए, तो कई जान बचाकर अस्पताल परिसर से बाहर भाग खड़े हुए। डॉक्टरों और स्टाफ ने तुरंत खुद को सुरक्षित किया और मरीजों को दूर हटाया गया।
बाद में गौतम ने बताया कि वह पेशे से सांप रेस्क्यू करने का काम करता है। जहां भी सांप निकलने की सूचना मिलती है, वह उन्हें पकड़कर जंगल में छोड़ देता है। उसके मुताबिक, इन तीनों कोबरा को उसने पहले ही पकड़ रखा था और शनिवार को जंगल में छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान एक सांप ने उसे डस लिया। उसने सोचा कि अगर वही सांप डॉक्टरों को दिखा देगा, तो इलाज में आसानी होगी, इसलिए वह तीनों को साथ लेकर अस्पताल आ गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गौतम इलाके में सांप पकड़ने के लिए जाना जाता है और कई बार जहरीले सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर चुका है। हालांकि, इस बार उसकी यही सोच अस्पताल प्रशासन और आम लोगों के लिए भारी डर का कारण बन गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई और घायल नहीं हुआ।
यह अजीबोगरीब घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे साहस और लापरवाही का ऐसा मेल बता रहे हैं, जिसने कुछ देर के लिए पूरे अस्पताल की सांसें थाम दीं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *