:
Breaking News

20 हजार में मासूम की सौदेबाज़ी, मुजफ्फरपुर से सामने आई सिस्टम को झकझोर देने वाली हकीकत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर।सरकारी मंचों पर बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन बिहार की ज़मीनी सच्चाई कई बार इन नारों की पोल खोल देती है। ऐसा ही एक शर्मनाक मामला मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है, जहां महज छह साल की एक मासूम बच्ची को गोद लेने के नाम पर 20 हजार रुपये में खरीदे जाने का खुलासा हुआ है।
यह मामला सकरा थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव का है। चाइल्ड हेल्पलाइन को मिली सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को रेस्क्यू किया। शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए, वे न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार करने वाले हैं, बल्कि सामाजिक तंत्र पर भी गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
पुलिस के अनुसार बच्ची के पिता का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद मां चारों बच्चों को छोड़कर उत्तर प्रदेश में दूसरी शादी कर चली गई। बच्चों की जिम्मेदारी नानी और मामा पर आ गई, जिनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर साल 2025 में एक दंपती ने भरथीपुर इलाके में चाय बेचने वाली एक महिला के माध्यम से बच्ची को अपने साथ ले लिया। इस पूरे लेन-देन में 20 हजार रुपये का सौदा तय हुआ।
बताया जा रहा है कि दंपती के घर में बच्ची को पिता का स्नेह तो मिला, लेकिन महिला द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। मारपीट से तंग आकर बच्ची कई बार घर से बाहर भटकती हुई देखी गई। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति नहीं सुधरी और बच्ची दोबारा अकेली घूमती मिली, तो चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल बच्ची की काउंसलिंग की जा रही है और पुलिस इस अवैध गोद लेने के पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
यह घटना सिर्फ एक बच्ची की पीड़ा तक सीमित नहीं है, बल्कि उस सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा सवाल है, जहां योजनाओं और नारों के बावजूद मासूमों की सुरक्षा अब भी सौदेबाज़ी की भेंट चढ़ रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *