:
Breaking News

घने कोहरे ने मचाया कहर, मुजफ्फरपुर में एंबुलेंस समेत कई वाहनों की आपस में टक्कर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर।उत्तर बिहार में जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर अब सड़क यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार की सुबह मुजफ्फरपुर–दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-57) पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां कम दृश्यता के कारण तीन एंबुलेंस सहित आधा दर्जन से अधिक वाहन आपस में टकरा गए।
यह दुर्घटना बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत केवटसा मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि कोहरे की वजह से आगे चल रहे वाहनों की गति अचानक कम हो गई, जिससे पीछे से आ रही गाड़ियां एक के बाद एक भिड़ती चली गईं। हादसे में असम नंबर की एक एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस में एक गंभीर मरीज वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर सवार था। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और चालक व मरीज के परिजन अंदर ही फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए शीशे और दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देख उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें पूर्वी चंपारण जिले के मोनू ठाकुर और रूपेश ठाकुर शामिल हैं। वे अपने परिजन शिवनाथ ठाकुर को इलाज के लिए पटना ले जा रहे थे, जिनका न्यूरोलॉजिकल उपचार चल रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण एनएच-57 पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
घने कोहरे के कारण लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर यह चेतावनी दी है कि ऐसे मौसम में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *