:
Breaking News

मोतिहारी-रक्सौल में हाई-प्रोफाइल रेड: आयकर और ईडी की संयुक्त कार्रवाई जारी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मोतिहारी। बिहार के सीमावर्ती शहर रक्सौल में आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की संयुक्त कार्रवाई ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। करीब 30 घंटे से अधिक समय से चल रही इस छापेमारी में व्यापारियों के कई ठिकानों पर दस्तावेजों और लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन का नेतृत्व डायरेक्टर स्तर की महिला अधिकारी कर रही हैं। जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। अब सिर्फ मुख्य आरोपी मोहम्मद कलीम नहीं, बल्कि उनके रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर भी टीम पहुंच रही है।
इस रेड में रक्सौल के चावल बाजार, परेवा सहित कुल पांच से अधिक जगहों पर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। आयकर विभाग ने मोहम्मद कलीम के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के आश्रम रोड स्थित घर पर भी छापेमारी की है, जहां दस्तावेजों की गहन जांच जारी है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पहले बीएमपी के जवान तैनात थे, अब अर्धसैनिक बल (एसएसबी) को मोर्चा संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। सड़क, दुकानों और आवासीय इलाकों में भारी संख्या में जवान तैनात हैं।
आयकर सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी और जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनमें 2000 रुपये के पुराने नोट भी शामिल हैं। साथ ही जमीन और संपत्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। हालांकि अधिकारियों ने अभी आधिकारिक रूप से बरामदगी की संख्या या मूल्य का खुलासा नहीं किया है।
यह कार्रवाई रक्सौल के इतिहास की सबसे बड़ी रेड मानी जा रही है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे हीरो एजेंसी और तनिष्क शोरूम के मालिक मोहम्मद कलीम के आवास से ऑपरेशन की शुरुआत हुई थी। करीब 36 गाड़ियों और 150 से अधिक जवानों के साथ टीम ने कई ठिकानों पर दबिश दी।
पूरे रक्सौल में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग जांच के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *