:
Breaking News

पटना के गर्ल्स हॉस्टल में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत, मोबाइल से मिले अहम सुराग; मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की जांच तेज

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना:राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस जांच में जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं, मामला और जटिल होता जा रहा है। छात्रा के मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है, जबकि परिजनों ने मानसिक प्रताड़ना और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना 6 जनवरी की है, जब औरंगाबाद जिले की रहने वाली छात्रा अपने हॉस्टल के कमरे में अचेत अवस्था में पाई गई थी। उस समय उसकी रूममेट कोचिंग गई हुई थी और छात्रा कमरे में अकेली थी। हॉस्टल प्रबंधन द्वारा तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान छात्रा के मोबाइल फोन की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कुछ ऐसे संकेत मिले हैं जो मानसिक दबाव की ओर इशारा करते हैं। मोबाइल की इंटरनेट सर्च हिस्ट्री से पता चला है कि छात्रा ने ज़हर से संबंधित जानकारियां खोजी थीं। इसके साथ ही, पुलिस को एक अन्य छात्र की भूमिका संदिग्ध लगी, जिस पर छात्रा को मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप हैं। पूछताछ के बाद आरोपी छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक मेडिकल जांच और गाइनेकोलॉजिस्ट की रिपोर्ट में किसी प्रकार के यौन हमले के प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं। यूरिन जांच में नींद की गोलियों के सेवन की पुष्टि हुई है। घटना स्थल और हॉस्टल परिसर के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया है, जिसमें किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई है। हालांकि, एहतियातन सीसीटीवी की हार्ड ड्राइव को जब्त कर लिया गया है।
छात्रा का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मृत छात्रा के परिजनों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई, जबकि मामा ने हॉस्टल प्रबंधन पर अस्पताल के डॉक्टरों को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि घटना के दिन उन्हें शाम में सूचना दी गई कि बच्ची बेहोश हो गई है और ठंड लगने की बात कही गई, जबकि स्थिति कहीं अधिक गंभीर थी।
मामले को लेकर सोमवार रात आक्रोश भी देखने को मिला। परिजन छात्रा के शव को लेकर कारगिल चौक पहुंचे, जहां घंटों प्रदर्शन हुआ और यातायात बाधित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
पटना पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। हॉस्टल संचालक, मैनेजर और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *