:
Breaking News

दरभंगा एयरपोर्ट के पास बनेगा कार्गो-लॉजिस्टिक्स हब

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना | राज्य डेस्क
बिहार सरकार ने मिथिला और उत्तर बिहार के आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। राज्य मंत्रिमंडल ने दरभंगा एयरपोर्ट के समीप कार्गो और लॉजिस्टिक्स हब के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण को स्वीकृति दे दी है। इस परियोजना के तहत लगभग 50 एकड़ से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जिसके लिए सरकार की ओर से करीब 138 करोड़ रुपये से अधिक की मुआवज़ा राशि निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से दरभंगा और आसपास के इलाकों में विकास की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत दरभंगा एयरपोर्ट क्षेत्र में आधुनिक कार्गो हब, लॉजिस्टिक्स पार्क और एयरोसिटी विकसित की जाएगी। एयरोसिटी में उच्च स्तरीय होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य आधुनिक सुविधाओं के निर्माण की भी योजना है।
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यसभा सांसद एवं जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसे मिथिला क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देगी तथा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देगी। साथ ही, इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कार्गो हब के माध्यम से मिथिला के कृषि उत्पाद, हस्तशिल्प, मखाना, मछली और अन्य स्थानीय उत्पादों को देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा। वहीं, लॉजिस्टिक्स पार्क से भंडारण और परिवहन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे व्यापारियों और उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से न सिर्फ क्षेत्र का औद्योगिक और व्यावसायिक ढांचा मजबूत होगा, बल्कि दरभंगा और आसपास के जिलों को निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में भी स्थापित किया जा सकेगा। खासकर युवाओं के लिए यह योजना रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए रास्ते खोलेगी।
दरभंगा एयरपोर्ट के आसपास विकसित होने वाला यह कार्गो-लॉजिस्टिक्स हब आने वाले वर्षों में मिथिला क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित हो सकता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *