:
Breaking News

मकर संक्रांति से पहले ही उमड़ा आस्था का सैलाब, माघ मेले में 25 लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

प्रयागराज।संगम नगरी प्रयागराज में माघ मेले का माहौल मकर संक्रांति स्नान पर्व से पहले ही भक्तिमय हो गया है। 15 जनवरी को होने वाले दूसरे प्रमुख स्नान पर्व से पहले ही करीब 25 लाख श्रद्धालु संगम तट पर पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला प्रशासन ने यातायात, स्नान और सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।
श्रद्धालुओं को अधिक पैदल न चलना पड़े, इसके लिए स्नान घाटों के समीप ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मंगलवार की शाम तक मेला क्षेत्र की अधिकांश पार्किंग स्थल भर चुके थे। प्रशासन की ओर से आवागमन को आसान बनाने के लिए गोल्फ कार्ट और बाइक टैक्सी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
मेला अधिकारी ऋषिराज ने बताया कि मकर संक्रांति स्नान पर्व पर इस बार दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। पिछली बार की तुलना में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर ही 31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई थी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माघ मेला क्षेत्र में कुल 12,100 फीट लंबाई में स्नान घाटों का निर्माण किया गया है, जहां चेंजिंग रूम, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। भीड़ प्रबंधन के तहत 42 अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था की गई है।
गंगा में पर्याप्त जलस्तर बनाए रखने के लिए कानपुर स्थित गंगा बैराज से प्रतिदिन 8,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही नदी की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नालों को टैप कर जल की लगातार निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला क्षेत्र में व्यापक पुलिस बल, जल पुलिस, अग्निशमन दस्ते और एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों की तैनाती की गई है। आठ किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में डीप वाटर बैरिकेडिंग और एकल दिशा यातायात के लिए विशेष रिवर लाइन बनाई गई है।
प्रशासन का दावा है कि स्वच्छता, सुरक्षा और सुगम परिवहन को प्राथमिकता देते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारु स्नान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मकर संक्रांति के दिन संगम तट पर आस्था और व्यवस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *