:
Breaking News

बेतिया से शुरू होगी मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’, विकास योजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पश्चिम चंपारण के बेतिया से एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस बार यात्रा का नाम “समृद्धि यात्रा” रखा गया है, जिसका उद्देश्य बिहार में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती को नई गति देना है।
मुख्यमंत्री 16 जनवरी को बेतिया पहुँचेंगे, जहाँ वे जीविका दीदियों से संवाद करेंगे और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। शहर के ऐतिहासिक बड़ा रमना मैदान में विशाल जनसभा की तैयारी की जा रही है, जहाँ मुख्यमंत्री राज्य के विकास से जुड़े अपने आगामी रोडमैप को जनता के सामने रखेंगे।
पश्चिम चंपारण को मिलेगी बड़ी सौगात
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पूर्व में हुए शिलान्यास और उद्घाटन योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। कुमारबाग स्थित बियाडा परिसर को विशेष आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए लगभग 125 एकड़ जमीन उद्योग विभाग को सौंपी जाएगी। यहाँ छोटे-बड़े उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। बियाडा परिसर में दो हेलीपैड बनाए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ सुनेंगे और उद्योग विस्तार को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
उद्योग और निवेश पर रहेगा विशेष जोर
सरकार का मानना है कि समृद्धि यात्रा के माध्यम से बिहार को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। सात निश्चय–3 के तहत उद्योग आधारित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि राज्य में निवेश का माहौल बने और पलायन पर रोक लग सके।
बेतिया के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा को पश्चिम चंपारण के लिए विकास की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *