:
Breaking News

बेगूसराय को मिली अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, लखनऊ से डिब्रूगढ़ तक सीधी कनेक्टिविटी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बेगूसराय। उत्तर बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। रेलवे ने बेगूसराय को अमृत भारत एक्सप्रेस से जोड़ने का फैसला लिया है, जिससे अब यहां के लोग सीधे लखनऊ के गोमतीनगर और असम के डिब्रूगढ़ तक सफर कर सकेंगे। इस नई रेल सेवा से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सहूलियत मिलेगी, साथ ही व्यापार और पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन

रेलवे की ओर से जारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह ट्रेन 22 कोच के साथ संचालित होगी और सप्ताह में दो दिन दोनों दिशाओं में चलेगी। डिब्रूगढ़ से यह ट्रेन हर शुक्रवार रात 9 बजे खुलेगी और न्यू अलीपुरद्वार, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, नौगछिया, खगड़िया होते हुए बेगूसराय से गुजरेगी। रविवार दोपहर यह गोमतीनगर (लखनऊ) पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन मंगलवार देर रात गोमतीनगर से रवाना होगी और अयोध्या, देवरिया, सिवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी होते हुए बेगूसराय के रास्ते डिब्रूगढ़ तक जाएगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन पूर्वांचल, उत्तर बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच मजबूत रेल सेतु का काम करेगी।

व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ा लाभ

इस ट्रेन का सबसे ज्यादा फायदा असम के चाय कारोबारियों, उत्तर बिहार के व्यापारियों और लखनऊ जाने वाले यात्रियों को होगा। अब सामान ढुलाई और आवागमन के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। समय के साथ-साथ यात्रा खर्च में भी कमी आएगी।
बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार, हाजीपुर और छपरा जैसे जिलों के लोग लंबे समय से सीधी ट्रेन की मांग कर रहे थे। पहले यात्रियों को कई जगह ट्रेन बदलनी पड़ती थी, जिससे सफर थकाऊ और महंगा हो जाता था। अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यह परेशानी लगभग खत्म हो जाएगी।

विकास को मिलेगी नई गति

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस ट्रेन से न सिर्फ आवाजाही आसान होगी, बल्कि रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर बनेगी। बेगूसराय अब पूर्वोत्तर और उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों से सीधे जुड़ जाएगा, जो इलाके के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
रेलवे जल्द ही इसका विस्तृत टाइम-टेबल और किराया सूची जारी करेगा। यात्रियों में इस नई सेवा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *