:
Breaking News

रामगढ़ चौक में मासिक समीक्षा बैठक: पेयजल, अतिक्रमण और कृषि योजनाओं पर कड़े निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय, 15 जनवरी 2026:
रामगढ़ चौक प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में अनुमंडल पदाधिकारी लखीसराय श्री प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के विकास कार्यों, जनसमस्याओं और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रमुख, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में बीडीओ अभिषेक कुमार और प्रमुख श्रीमती खुशबू कुमारी द्वारा एसडीएम को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विभागवार समीक्षा प्रारंभ हुई।
पेयजल और अतिक्रमण बना प्रमुख मुद्दा
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कई पंचायतों में पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। पीएचईडी के कनीय अभियंता को बार-बार सूचना देने के बावजूद समाधान नहीं हो पाया है। इस पर एसडीएम ने विभाग को तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
साथ ही सरकारी भवनों एवं रास्तों पर अतिक्रमण की शिकायतों पर राजस्व एवं अंचल अधिकारियों को अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया।
कृषि योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर
प्रमुख खुशबू कुमारी ने कृषि विभाग द्वारा योजनाओं की जानकारी पंचायत स्तर तक नहीं पहुंचने पर आपत्ति जताई और बीज वितरण सूची सार्वजनिक करने की मांग की। एसडीएम ने कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि योजनाओं का प्रचार-प्रसार पंचायतों में सुनिश्चित किया जाए।
महादलित परिवारों के लिए भूमि बंदोबस्ती
राजस्व अधिकारी को निर्देश दिया गया कि भूमिहीन महादलित परिवारों की पहचान कर भूमि बंदोबस्त एवं परचा निर्गत करने की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि पात्र परिवारों को उनका अधिकार मिल सके।
राशन कार्ड कैंप लगाने का निर्देश
अनुमंडलाधिकारी ने आपूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्माण के लिए पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएं और इसकी पूर्व सूचना जनप्रतिनिधियों को दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
पंचायत योजनाओं में नियम पालन जरूरी
मुखिया को योजनाओं के क्रियान्वयन में सरकार द्वारा तय गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया। नोनगढ़ पंचायत के मुखिया द्वारा तालाब सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर तकनीकी परीक्षण कराने की बात कही गई।
मत्स्य व आंगनबाड़ी व्यवस्था पर चर्चा
मत्स्य पदाधिकारी ने मत्स्य पालन योजनाओं की जानकारी दी, जबकि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को सरकारी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
एसडीएम प्रभाकर कुमार ने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद जनता की विकास संबंधी अपेक्षाएं बढ़ी हैं। मुंगेर प्रमंडल आयुक्त के निर्देशानुसार प्रत्येक माह ऐसी समीक्षा बैठकें कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, तभी योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *