दरभंगा | 15 जनवरी 2026
दरभंगा जिले के +2 राजकीयकृत वासुदेव मिश्र उच्च विद्यालय, सिमरी परिसर में संचालित अस्थायी गृह रक्षा वाहिनी प्रशिक्षण केन्द्र में आज गोपालगंज जिले के 147 नवनामांकित गृहरक्षकों की पारण परेड का भव्य आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की झलक साफ दिखाई दी।
पारण परेड समारोह में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके साथ वरीय जिला समादेष्टा बिहार गृह रक्षा वाहिनी, दरभंगा मो. फैज़ आलम, श्रम उपायुक्त दरभंगा प्रमंडल श्री राकेश रंजन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि द्वारा 147 प्रशिक्षु गृहरक्षकों की परेड की सलामी ली गई एवं परेड का गहन निरीक्षण किया गया। परेड का संचालन परेड कमांडर गृहरक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि द्वितीय समादेशक के रूप में गृहरक्षक राम प्रताप पाण्डेय ने अहम भूमिका निभाई।
डीएम ने की खुलकर प्रशंसा
अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने परेड को उत्कृष्ट कोटि की बताते हुए कहा कि अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव में उन्होंने कई जिलों की परेड देखी हैं, लेकिन यह परेड उनमें से सर्वश्रेष्ठ रही। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि प्रशिक्षु गृहरक्षकों को यहां बेहद अनुशासित और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया गया है।
डीएम ने प्रशिक्षण सूबेदार विनय कुमार, प्रशिक्षण प्रभारी रमेश कुमार राय, सिपाही राज कुमार एवं राजेश राय सहित सभी प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वरीय जिला समादेष्टा मो. फैज़ आलम के कुशल नेतृत्व और सतत अनुश्रवण में यह प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
शपथ और प्रेरणा
मुख्य अतिथि द्वारा सभी नवनामांकित गृहरक्षकों को उनके पद की शपथ दिलाई गई तथा कर्तव्यनिष्ठा एवं गोपनीयता बनाए रखने का संकल्प कराया गया।
एसएसपी का संदेश
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी ने अपने संबोधन में कहा कि चारों प्लाटून का प्रदर्शन इतना उत्कृष्ट रहा कि किसी एक को प्रथम घोषित करना कठिन था। उनके अनुसार चारों प्लाटून “नंबर वन” हैं। उन्होंने प्रशिक्षु गृहरक्षकों के अनुशासन, मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इसमें प्रशिक्षकों एवं वरीय जिला समादेष्टा का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
रोमांचक प्रदर्शन ने बांधा समां
परेड के उपरांत प्रशिक्षु गृहरक्षकों द्वारा लाठी ड्रिल एवं कमांडो प्रशिक्षण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जलते आग के गोले से छलांग लगाकर प्रवेश, साहसिक करतब तथा माँ भारती को सलामी देकर कर्तव्यनिष्ठा का अद्भुत प्रदर्शन किया गया, जिसे देख उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
सम्मान और पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान बेस्ट परेड, ओवरऑल बेस्ट प्रदर्शन एवं विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु गृहरक्षकों को सम्मानित किया गया। वरीय जिला समादेष्टा मो. फैज़ आलम द्वारा प्रशिक्षकों को भी सम्मानित करते हुए प्रत्येक प्रशिक्षक को ₹1000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई।
120 दिनों का कठोर प्रशिक्षण
यह बुनियादी प्रशिक्षण कुल 120 दिनों तक चला, जिसमें पीटी, शस्त्र ड्रिल, कवायद, लाठी ड्रिल, 3.3 राइफल, एसएलआर, इंसास राइफल, 9 एमएम पिस्टल, रिवॉल्वर प्रशिक्षण, दंगा निरोधी प्रशिक्षण, यातायात नियम, आपदा प्रबंधन (SDRF), अग्निशमन, कमांडो प्रशिक्षण, संतरी ड्यूटी, चुनाव एवं वीआईपी/वीवीआईपी सुरक्षा जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
वरीय जिला समादेष्टा मो. फैज़ आलम ने बताया कि यह प्रशिक्षण महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा महोदया के मार्गदर्शन में तय समयसीमा के भीतर उच्च अनुशासन के साथ पूरा कराया गया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभी नवनामांकित गृहरक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।