मुजफ्फरपुर।जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के रतनौली गांव में एक मामूली से दिखने वाले विवाद ने ऐसी भयावह शक्ल ले ली कि एक बुजुर्ग महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। मकई के खेत में बकरी के घुसकर चर जाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने गुरुवार की रात हिंसक रूप धारण कर लिया। आरोप है कि पड़ोसियों ने महिला और उसके पति को बांधकर लाठी–डंडों से बेरहमी से पीटा, जिसमें 59 वर्षीय सुनैना देवी की मौत हो गई।
पहले झगड़ा, फिर रात में जानलेवा हमला
ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार शाम बकरी के खेत में घुसने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन रात होते–होते तनाव फिर भड़क उठा। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला कर दिया। उन्होंने ज्योतिक सहनी और उनकी पत्नी सुनैना देवी को पकड़कर बांध लिया और लाठियों से पिटाई शुरू कर दी।
मारपीट इतनी निर्मम थी कि सुनैना देवी मौके पर ही बेसुध हो गईं। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, उनकी मौत हो चुकी थी। किसी तरह ग्रामीणों ने ज्योतिक सहनी को मुक्त कराया।
पति ने सुनाई आपबीती
मृतका के पति ज्योतिक सहनी ने रोते हुए बताया कि वह उस वक्त खाद लाने गए थे। लौटे तो देखा कि उनके बेटे के साथ मारपीट हो रही है। पत्नी बेटे को बचाने गई तो हमलावरों ने उन्हें भी घेर लिया और बेरहमी से पीटा। उनके मुताबिक मुख्य आरोपी धनेश्वर महतो और उसके परिवार के लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कई थानों की टीम मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए मनियारी के साथ–साथ कुढ़नी और तुर्की थाने की पुलिस भी गांव पहुंची। एसडीपीओ पश्चिमी–2 अवधेश चंद्र ज्ञानी स्वयं पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं। पूरे इलाके में एहतियातन अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है ताकि दोबारा तनाव न भड़के।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। साक्ष्य जुटाने के लिए एसएफएल टीम को भी बुलाया गया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद भी था। गुरुवार को फिर झगड़ा हुआ और उसी क्रम में मारपीट के दौरान सुनैना देवी की मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गांव में पसरा मातम और दहशत
इस घटना के बाद पूरे रतनौली गांव में मातम का माहौल है। लोग दहशत में हैं और खुलकर कुछ बोलने से बच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि छोटा सा विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा, किसी ने नहीं सोचा था। मृतका के परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है।पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।