:
Breaking News

सहरसा पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान की ओर बढ़ी, एफएसएल जांच और क्राइम सीन सुरक्षा अनिवार्य

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

सहरसा।अपराध नियंत्रण और दोषियों को ठोस साक्ष्यों के आधार पर सजा दिलाने के लिए सहरसा पुलिस अब पूरी तरह वैज्ञानिक अनुसंधान प्रणाली को अपनाने जा रही है। जवाहर विकास भवन में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हर आपराधिक मामले में क्राइम सीन को सुरक्षित रखना और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

क्राइम सीन से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं

एसपी ने बैठक में कहा कि किसी भी घटना की सबसे मजबूत कड़ी उसका घटनास्थल होता है। वहीं से अपराध से जुड़े अहम सुराग मिलते हैं। यदि साक्ष्य संकलन में लापरवाही हुई तो अपराधी कानून के शिकंजे से बच सकते हैं। इसलिए अब किसी भी थाने में घटनास्थल से छेड़छाड़ या अवैज्ञानिक तरीके से जांच स्वीकार्य नहीं होगी।
इस उद्देश्य से जिले के सभी थानों को पीओ (Preservation of Objects) किट उपलब्ध कराई गई है। साथ ही पुलिसकर्मियों को इसके सही उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि फिंगरप्रिंट, खून के नमूने, डिजिटल साक्ष्य और अन्य भौतिक प्रमाण सुरक्षित तरीके से जुटाए जा सकें।

बीएनएस के तहत एफएसएल जांच अनिवार्य

बैठक में नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एसपी हिमांशु ने बताया कि अब जिन मामलों में सात वर्ष या उससे अधिक सजा का प्रावधान है, उनमें फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) जांच अनिवार्य कर दी गई है। ऐसे में पुलिस को तकनीकी रूप से अधिक दक्ष और संवेदनशील होकर अनुसंधान करना होगा।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्य आधारित जांच से न केवल दोषियों को सजा दिलाने में मदद मिलेगी, बल्कि निर्दोष लोगों को भी बेवजह परेशान नहीं होना पड़ेगा।

लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

मासिक गोष्ठी के दौरान एसपी ने पुराने और लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि गंभीर मामलों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से किया जाए। गिरफ्तारी, चार्जशीट और ट्रायल की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
एसपी ने कहा कि बेहतर अनुसंधान, पारदर्शी कार्रवाई और आधुनिक तकनीक के उपयोग से ही जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत होगा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस समीक्षा बैठक में मुख्यालय डीएसपी धीरेंद्र कुमार पांडे, डीएसपी कमलेश्वर प्रसाद सिंह, सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर सहित जिले के सभी थानाध्यक्ष और अनुसंधान पदाधिकारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *