:
Breaking News

लखीसराय में प्रगति यात्रा व सात निश्चय योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय, 16 जनवरी 2026 – जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के अंतर्गत जिले में संचालित प्रगति यात्रा कार्यक्रम तथा सात निश्चय–2 एवं सात निश्चय–3 से जुड़ी योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन करना तथा घोषित परियोजनाओं की प्रगति को गति देना रहा।
बैठक में सात निश्चय–2 के तहत महिलाओं को उच्च शिक्षा प्रोत्साहन, हर खेत तक सिंचाई का पानी, कृषि फीडर निर्माण, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना, ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, सुलभ संपर्कता योजना, ग्रामीण सड़कों का विस्तार, शहरी क्षेत्रों में बाईपास/फ्लाईओवर निर्माण, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी, हर घर नल जल अनुरक्षण, वृद्धाश्रम निर्माण तथा विद्युत शवदाह गृह व मोक्षधाम निर्माण जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
वहीं सात निश्चय–3 के अंतर्गत मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, आर्थिक रूप से कमजोर 94 लाख परिवारों को सहायता, औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, प्रत्येक गांव में दुग्ध उत्पादन समिति व सुधा बिक्री केंद्र, प्रखंड स्तर पर आदर्श विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण पथों का अनुरक्षण, एयरपोर्ट–हेलीपैड निर्माण, पंचायत स्तर पर स्पोर्ट्स क्लब एवं खेल मैदान विकास, सबका सम्मान–जीवन आसान योजना तथा शॉप लिविंग जैसे विषयों की भी बारीकी से समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त निशुल्क दवा उपलब्धता, ऊर्जा अवसंरचना, मुख्यमंत्री ग्रामीण संपर्क एवं सेतु योजना, जीविका स्वयं सहायता समूह, पंचायत सरकार भवन, दाखिल–खारिज व परिमार्जन, भूमि विवाद निपटान, राशन कार्ड, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री निश्चय सहायता भत्ता तथा कुशल युवा कार्यक्रम की प्रगति पर भी अधिकारियों से रिपोर्ट ली गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा अद्यतन प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री राहुल कुमार, श्रम अधीक्षक संजय कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित सभी नगर परिषदों के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अभियंता उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *