अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम आज अपना दूसरा मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी बांग्लादेश के खिलाफ खेलने उतरेगी। यह मैच जिम्बाब्वे के बुलावायो स्थित क्वींस स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच क्रिकेट से जुड़े कुछ विवादों के बाद यह पहला बड़ा मुकाबला माना जा रहा है, इसलिए इस मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। पहले मैच में भारत ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में अमेरिका को आसानी से हरा दिया था। उस मैच में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला और अमेरिका की टीम मात्र 107 रनों पर सिमट गई। हेनिल पटेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर पांच विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिज्ञान कुंडू की नाबाद 42 रनों की पारी के दम पर भारत ने 118 गेंद शेष रहते छह विकेट से जीत दर्ज की।
दूसरी ओर बांग्लादेश की टीम इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेलने जा रही है। बांग्लादेश अंडर-19 टीम को कमजोर नहीं आंका जा सकता। हाल के वर्षों में इस टीम का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। बांग्लादेश ने ACC अंडर-19 एशिया कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था और 2023–24 में लगातार दो बार एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया है। ऐसे में वह भारत के खिलाफ जीत के साथ अभियान शुरू करना चाहेगी।
अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक कुल 28 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि बांग्लादेश को केवल 6 मैचों में सफलता मिली है और एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। अंडर-19 वर्ल्ड कप की बात करें तो यहां भी भारत का पलड़ा भारी है। विश्व कप में दोनों टीमें 7 बार भिड़ी हैं, जिनमें भारत ने 5 और बांग्लादेश ने 2 मैच जीते हैं।
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। भारतीय दर्शक इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत अंडर-19: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलन पटेल।
बांग्लादेश अंडर-19: मोहम्मद अजीजुल हकीम तमीम (कप्तान), जवाद अबरार, मोहम्मद रिफत बेग, कलाम सिद्दीकी एलीन, मोहम्मद फरीद हसन फैसल, मोहम्मद समिउन बसीर रतुल, मोहम्मद अब्दुल्ला (विकेटकीपर), साद इस्लाम रजीन, शेख परवेज जिबोन, शाधीन इस्लाम, इकबाल हुसैन एमोन।
अब देखना दिलचस्प होगा कि युवा भारतीय टीम अपनी जीत की लय बरकरार रख पाती है या बांग्लादेश उलटफेर करने में कामयाब होता है।