:
Breaking News

बख्तियारपुर में स्वतंत्रता सेनानियों को राजकीय श्रद्धांजलि, कार्यक्रम से दूरी पर दिखी नाराजगी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार सुबह बख्तियारपुर पहुंचे और स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों की स्मृति में आयोजित राजकीय सम्मान समारोह में भाग लिया। लगभग 10 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने पिता कविराज रामलखन सिंह सहित स्वतंत्रता सेनानी शीलभद्र याजी, डूमर सिंह, मोगल सिंह और नाथुना सिंह यादव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम तथा कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। माल्यार्पण के उपरांत मुख्यमंत्री समृद्धि यात्रा के अगले चरण के तहत पूर्वी चंपारण के लिए रवाना हो गए।
स्वतंत्रता सेनानी शीलभद्र याजी के पुत्र सच्चिदानंद याजी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर वर्ष बख्तियारपुर आकर स्वतंत्रता सेनानियों को राजकीय सम्मान देते हैं, जिससे नई पीढ़ी को देश के प्रति उनके बलिदान की प्रेरणा मिलती है।
हालांकि इस बार का कार्यक्रम विवादों से भी अछूता नहीं रहा। मुख्यमंत्री के आगमन के बाद आम लोगों और पत्रकारों को कार्यक्रम स्थल से दूर रखा गया, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष देखा गया। स्वतंत्रता सेनानी डूमर सिंह के परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम की पूर्व सूचना तक नहीं दी गई। परिजनों का कहना था कि डूमर सिंह की पुत्रवधू समेत परिवार के कई सदस्य समारोह में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात नहीं कराई गई।
परिवार के सदस्यों ने इसे उपेक्षा करार देते हुए कहा कि जिन स्वतंत्रता सेनानियों के कारण देश को आजादी मिली, उनके वंशजों को ही सम्मान समारोह में उचित स्थान न मिलना दुखद है। वहीं अररिया के स्वतंत्रता सेनानी जगदीश सिंह के पौत्र ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि बिहार में कई स्वतंत्रता सेनानी हैं, लेकिन राजकीय सम्मान केवल बख्तियारपुर के पांच नामों तक सीमित कर दिया गया है। यह अन्य सेनानियों के योगदान की अनदेखी है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे आयोजनों में स्वतंत्रता सेनानियों के सभी परिवारों को बराबर सम्मान मिलना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी उनके त्याग और संघर्ष को सही मायनों में समझ सके। कार्यक्रम के बाद यह मुद्दा चर्चा का विषय बना रहा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *