:
Breaking News

लखीसराय में सरस्वती पूजा के लिए शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने बैठक

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय, 17 जनवरी 2026: जिले में आगामी सरस्वती पूजा के अवसर पर शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आज समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में लगने वाले सभी पूजा पंडाल और मेला स्थल के लिए लाइसेंस अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी प्रकार का पूजा पंडाल या प्रतिमा स्थापित नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि डीजे, अश्लील या भड़काऊ गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई समिति या व्यक्ति इन प्रतिबंधों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने यह भी बताया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ऐसे तत्व जो किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं, उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि विवादित स्थलों पर पूजा पंडाल का निर्माण नहीं किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार का तनाव या विवाद उत्पन्न न हो। इसके साथ ही सार्वजनिक सड़कों पर चंदा वसूली पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। यदि किसी स्थल पर चंदा वसूली की शिकायत आती है तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश फैलाएं और प्रशासन का सहयोग करें। आम नागरिकों से भी अनुरोध किया गया कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, वरीय उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, सभी थाना प्रभारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *