:
Breaking News

कार्य में लापरवाही व न्यायालय आदेश की अवहेलना पर नगर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर :- कार्यों में शिथिलता, मनमानी और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना के गंभीर आरोप में नगर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। यह कार्रवाई भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा अप्रसन्नता जाहिर किए जाने के बाद की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नगर थानाध्यक्ष द्वारा उच्च न्यायालय के आदेश का समय पर अनुपालन नहीं किया गया, जो उनके कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है। मामले की जाँच अपर पुलिस अधीक्षक, नगर–01, मुजफ्फरपुर द्वारा की गई, जिनके द्वारा समर्पित प्रतिवेदन में आरोपों की पुष्टि हुई।
जाँच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस उप–महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थानाध्यक्ष को पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर वापस कर दिया है।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि न्यायालय या वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, कार्य में लापरवाही तथा अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग के प्रत्येक पदाधिकारी से अपेक्षा की गई है कि वे कानून–व्यवस्था के सुदृढ़ संधारण, आम जनता की सुरक्षा और पारदर्शी तथा जवाबदेह पुलिसिंग के प्रति पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आम लोगों को निष्पक्ष और संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसमें बाधा डालने वाले किसी भी अधिकारी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *