:
Breaking News

बक्सर में छात्रा से दुष्कर्म के आरोप से मचा हड़कंप, पुलिस जांच पर उठे सवाल डुमरांव (बक्सर):

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत सोनवर्षा थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता ने तीन युवकों पर मिलकर उसके साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस फिलहाल एक ही युवक को मुख्य आरोपी मान रही है। इस विरोधाभास के कारण मामला लगातार उलझता जा रहा है और स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा शनिवार की सुबह अपने भाई के साथ ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में पहले से मौजूद तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अथवा जबरन अगवा कर लिया और गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक बथान में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद छात्रा किसी तरह घर पहुंची और पूरी बात अपने परिजनों को बताई। परिजनों ने तत्काल सोनवर्षा थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की और मुख्य आरोपी बताए जा रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो अन्य युवकों को भी थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि घटना में तीनों युवक शामिल थे, लेकिन पुलिस फिलहाल सिर्फ एक की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर रही है। इसे लेकर इलाके में तरह–तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल पीड़िता के बयान और पुलिस के दावे में अंतर को लेकर खड़ा हो गया है। पीड़िता साफ तौर पर तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में केवल एक युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है। इस मतभेद के चलते पीड़िता पक्ष में नाराजगी देखी जा रही है।
मामले में जब सोनवर्षा थाना प्रभारी से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने विस्तृत बयान देने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में आधिकारिक जानकारी एसडीपीओ स्तर से दी जाएगी। इसके बाद डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
एसडीपीओ ने अपने बयान में कहा कि “यह सामूहिक दुष्कर्म का मामला नहीं पाया गया है। अब तक की जांच के अनुसार एक ही आरोपी द्वारा दुष्कर्म किया गया है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता ने अन्य दो युवकों के घटना के समय आसपास मौजूद होने की बात कही है, उसी आधार पर उनका सत्यापन कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्य मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
इधर इस घटना के बाद सोनवर्षा और आसपास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सामाजिक संगठनों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। फॉरेंसिक साक्ष्य, घटनास्थल से मिले प्रमाण और गवाहों के बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस का दावा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी। फिलहाल तीनों युवक पुलिस की निगरानी में हैं और पूछताछ का दौर जारी है। इस संवेदनशील घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *