:
Breaking News

नवादा: सास की हत्या में बहू निकली मास्टरमाइंड, 50 हजार में दी थी सुपारी, दो महीने बाद खुला राज

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नवादा जिले में रिश्तों को तार–तार कर देने वाला एक खौफनाक हत्याकांड सामने आया है. दो महीने पहले जिस बहू को सास की मौत पर बिलख–बिलख कर रोते देखा गया था, वही इस हत्याकांड की असली साजिशकर्ता निकली. पुलिस ने गहन जांच के बाद मृतका की बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है. यह घटना नवादा नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर मोहल्ले की है, जहां 22 नवंबर 2025 की रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर सावित्री देवी और उनकी बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया था. हमले में गंभीर रूप से घायल सावित्री देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी किसी तरह जान बचाने में कामयाब रही. घटना के बाद मृतका के बेटे बबलू पासवान ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी और पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी. शुरुआती दौर में यह मामला लूटपाट या आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन जैसे–जैसे जांच आगे बढ़ी, साजिश की परतें खुलती चली गईं. तकनीकी जांच, मोबाइल कॉल डिटेल और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस को घर के भीतर ही साजिश रचे जाने के संकेत मिले. नवादा मुख्यालय डीएसपी निशु मलिक ने प्रेस वार्ता कर बताया कि इस हत्याकांड की मुख्य सूत्रधार मृतका की बहू सोनी कुमारी उर्फ निक्की है. पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. बहू ने बताया कि सास सावित्री देवी घर और जमीन बेचकर पूरा पैसा अपने पास रखना चाहती थीं. वह अपने बेटे से हर महीने आधी तनख्वाह भी लेती थीं, जिससे घर में लगातार कलह होती रहती थी. इन्हीं कारणों से बहू और सास के बीच गहरा तनाव पैदा हो गया था. रोज–रोज के झगड़ों से तंग आकर सोनी कुमारी ने सास को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. पुलिस के अनुसार बहू ने अपने दूर के रिश्तेदार लकी राज, निवासी गुनेरी, गुरुआ थाना क्षेत्र, गया जिला, को 50 हजार रुपये देकर हत्या की सुपारी दी. लकी राज ने इस काम के लिए अपने दो साथियों नीरज कुमार और सनी कुमार, दोनों निवासी बांके बाजार, गया, को तैयार किया. तय योजना के मुताबिक 22 नवंबर की रात तीनों आरोपी राजेंद्र नगर मोहल्ले पहुंचे. मौका देखकर उन्होंने घर में घुसकर चाकू से सावित्री देवी पर कई वार किए. बीच–बचाव करने आई बेटी पर भी जानलेवा हमला किया गया ताकि कोई गवाह न बचे. घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से एक–एक कड़ी जोड़ते हुए पहले लकी राज और उसके साथियों को पकड़ा, फिर बहू की भूमिका सामने आई. कड़ाई से पूछताछ हुई तो पूरा सच उजागर हो गया. पुलिस ने इस मामले में बहू समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने की कार्रवाई जारी है. डीएसपी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी. इस खुलासे के बाद इलाके के लोग स्तब्ध हैं. जिस बहू को लोग बेचारी और पीड़ित समझ रहे थे, वही अपनी सास की कातिल निकली. इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि संपत्ति और पैसों के लालच में रिश्ते किस हद तक टूट सकते हैं.

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *