:
Breaking News

दरोगा भर्ती परीक्षा शुरू: बिहार के कई जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच दो पालियों में BPSSC SI एग्जाम आयोजित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: बिहार में दरोगा बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए आज का दिन बेहद अहम रहा। बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा सब-इंस्पेक्टर भर्ती 2026 की प्रारंभिक परीक्षा आज राज्य के कई जिलों—पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर सहित अन्य केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें नजर आईं और युवाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि आयोग की ओर से परीक्षा की तारीख समय पर घोषित कर दी गई थी, जिससे उन्हें तैयारी का पर्याप्त अवसर मिला। कई अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि इस बार परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी होगी और पेपर लीक जैसी किसी गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहेगी। प्रशासन ने भी निष्पक्ष परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई, जिसके बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
आयोग ने पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए थे कि उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड पर दर्ज रिपोर्टिंग टाइम का सख्ती से पालन करना होगा। देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र लाना भी अनिवार्य किया गया था, ताकि किसी प्रकार की फर्जीवाड़े की संभावना न रहे।
परीक्षा आज और 21 जनवरी को दो पालियों में होनी है। पहली पाली के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8:30 बजे रखा गया था और परीक्षा 10:00 से 12:00 बजे तक चली। दूसरी पाली में अभ्यर्थियों को दोपहर 1:00 बजे तक केंद्र पहुंचना था, जबकि परीक्षा 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले केंद्र पहुंचें, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी तरह की दिक्कत न हो।
गौरतलब है कि बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के 1799 पदों पर यह बहाली निकाली गई है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 सितंबर से 26 अक्टूबर 2025 तक चली थी, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया। पदों की सीमित संख्या और अभ्यर्थियों की भारी तादाद को देखते हुए इस भर्ती को बेहद प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है। अब सभी की नजरें परीक्षा के परिणाम और आगे की चयन प्रक्रिया पर टिकी हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *