:
Breaking News

उत्तर भारत पर ठंड का डबल अटैक: कोहरे से थमी रफ्तार, सड़क हादसों में कई जिंदगियां बुझीं

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली।पूरा उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की दोहरी मार झेल रहा है। मैदान से पहाड़ तक जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। दृश्यता शून्य होने से हाईवे मौत के रास्ते बन गए हैं, ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं और हवाई उड़ानें रद्द हो रही हैं। अलग–अलग राज्यों में हुए हादसों में कई लोगों की जान चली गई, जबकि 70 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हरियाणा के नूंह में कुंडली–मानेसर–पलवल एक्सप्रेसवे पर कोहरे ने भीषण त्रासदी को जन्म दिया। अचानक ब्रेक लगने से पांच वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद डंपर और कंटेनर में आग लग गई। इस हादसे में चालक और खलासी जिंदा जल गए। वहीं उत्तर प्रदेश के अमरोहा में दिल्ली–मुरादाबाद हाईवे पर दो घंटे के भीतर 50 से ज्यादा वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। तीन रोडवेज बसें भी चपेट में आईं, हालांकि ज्यादातर यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
बरेली में बस और अन्य वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 24 लोग घायल हुए। शाहजहांपुर, बागपत और लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे पर भी कई दुर्घटनाएं सामने आईं, जहां करीब 45 लोग घायल हुए। पंजाब के बठिंडा में बस–ट्रक भिड़ंत ने दो जिंदगियां लील लीं, जबकि अंबाला में हुए हादसे में पति की मौत और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। असम में पीएसी की गाड़ी डिवाइडर से टकराने से आठ जवान घायल हो गए।
पहाड़ी राज्यों में ठंड ने और विकराल रूप ले लिया है। कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई, जिससे तापमान तेजी से लुढ़का। लद्दाख के द्रास में पारा माइनस 20 डिग्री तक पहुंच गया। सोनमर्ग में -8.9, शोपियां में -6.7 और श्रीनगर में -4.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में पंजाब का अमृतसर 1.7 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में भी राहत के आसार नहीं हैं। 23 जनवरी तक घना कोहरा बना रह सकता है, जबकि 24 जनवरी तक उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। विशेषज्ञों ने लोगों से बेवजह यात्रा से बचने, वाहनों में फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और गति नियंत्रित रखने की अपील की है।
ठंड की इस मार ने एक बार फिर प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईवे सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और कोहरे से निपटने के इंतजाम कितने नाकाफी हैं—यह ताजा हादसे साफ बयां कर रहे हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *