:
Breaking News

जेईई मेन 2026 शुरू: बिहार के 11 शहरों में परीक्षा, सख्त नियम लागू

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: इंजीनियरिंग में दाखिले की सबसे अहम प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2026 (जनवरी सत्र) आज 21 जनवरी से शुरू हो गई है और यह 29 जनवरी तक चलेगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा और कड़े दिशा-निर्देश लागू किए हैं ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो सके। इस साल परीक्षा देशभर में कई तिथियों में आयोजित होगी। 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को दो शिफ्ट में परीक्षा होगी—पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक। 29 जनवरी को परीक्षा केवल एक ही शिफ्ट में होगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले तक ही मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा, इसलिए समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
इस वर्ष देशभर से 14.10 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। बिहार से 62 हजार से ज्यादा छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे। राज्य में 11 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, आरा, समस्तीपुर, बिहारशरीफ और रोहतास प्रमुख हैं। कुल 32 से अधिक केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य हैं। प्रवेश के समय क्यूआर कोड स्कैन और बायोमेट्रिक जांच के जरिए पहचान की जाएगी। छात्रों को सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भरकर परीक्षा केंद्र पर जमा करना होगा। एनटीए ने कहा है कि इन नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा या परीक्षा से बाहर किया जा सकता है।
परीक्षार्थियों के पहनावे पर भी सख्ती है। मोटे सोल वाले जूते और बड़े बटन वाले कपड़े पहनकर आने वाले छात्रों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अलावा, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, नोट्स या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। अनुमति केवल—प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल, आवेदन में अपलोड किया गया फोटो और सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म। परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों के किसी भी प्रयास पर सख्त कार्रवाई होगी और ऐसे छात्रों की OMR/रिस्पॉन्स शीट चेक नहीं की जाएगी।
एनटीए ने दिव्यांग छात्रों के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय देने का प्रावधान किया है, ताकि वे बिना दबाव के परीक्षा दे सकें। एडमिट कार्ड के मामले में, 21 से 24 जनवरी की परीक्षाओं के प्रवेश पत्र पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जबकि 28 और 29 जनवरी की परीक्षाओं के प्रवेश पत्र परीक्षा से तीन दिन पहले उपलब्ध होंगे। छात्रों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी पर भरोसा करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
जेईई मेन का परिणाम आगे चलकर छात्रों को आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी और अन्य प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश दिलाने का मार्ग प्रशस्त करता है। NTA ने सभी केंद्रों पर तकनीकी और प्रशासनिक इंतजाम किए हैं। छात्रों से अपील है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांत मन से परीक्षा दें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *