:
Breaking News

कांग्रेस में टूट की आशंका के बीच राहुल गांधी ने सभी छह विधायकों को तुरंत दिल्ली बुलाया

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना/दिल्ली | 21 जनवरी 2026
बिहार कांग्रेस में संभावित टूट की चर्चाओं के बीच पार्टी हाईकमान हरकत में आ गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार के सभी छह कांग्रेस विधायकों को तत्काल दिल्ली तलब किया है। पहले इन विधायकों को 23 जनवरी को बुलाया गया था, लेकिन बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए अब बैठक की तारीख आगे बढ़ाकर 22 जनवरी कर दी गई है। इससे राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, 22 जनवरी को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और विधायकों की अहम बैठक होगी। बैठक में राहुल गांधी विधायकों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी नाराजगी और असंतोष के कारणों को जानेंगे। माना जा रहा है कि पार्टी विधायकों को एकजुट रखने और संगठनात्मक मजबूती पर फोकस किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेतृत्व को लेकर भी फैसला लिया जा सकता है। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावारु सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि सदाकत आश्रम में हाल के दिनों में हुई बैठकों में कुछ विधायकों की लगातार अनुपस्थिति ने शीर्ष नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी थी। इसी के बाद दिल्ली स्तर पर संकट प्रबंधन शुरू किया गया। इस अहम बैठक में कांग्रेस विधायक दल के निवर्तमान नेता शकील अहमद खान के साथ सांसदों को भी आमंत्रित किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, जिन विधायकों के अन्य दलों के संपर्क में होने की चर्चा है, उनसे राहुल गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेता व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर स्थिति स्पष्ट करेंगे। कांग्रेस नेतृत्व का लक्ष्य फिलहाल पार्टी में टूट की किसी भी संभावना को रोकना और विधायकों को एकजुट रखना है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *