:
Breaking News

नरपतगंज अंचल कार्यालय में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, राजस्व कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अररिया | 21 जनवरी 2026
अररिया जिले के नरपतगंज अंचल कार्यालय स्थित हल्का कचहरी में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब विशेष निगरानी इकाई, पटना की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। फरही पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी मोहम्मद इम्तियाज आलम को ₹15 हजार की अवैध राशि लेते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी पर जमीन से जुड़े कार्यों में लगातार रिश्वत मांगने का आरोप था। रामघाट वार्ड संख्या-14 निवासी किसान कमलेश्वरी यादव से जमीन परिमार्जन यानी नाम और रकबा सुधार के एवज में बार-बार पैसे की मांग की जा रही थी। किसान का आरोप है कि इससे पहले भी उसने कर्मचारी को रकम दी थी, इसके बावजूद उसका काम नहीं किया गया।
पीड़ित किसान ने बताया कि जब उसने काम पूरा करने की बात कही तो आरोपी ने दोबारा ₹20 हजार की मांग रख दी। लगातार हो रही इस अवैध वसूली से तंग आकर किसान ने पटना जाकर विशेष निगरानी इकाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया।
मंगलवार की शाम जैसे ही मोहम्मद इम्तियाज आलम ने किसान से ₹15 हजार की रिश्वत की राशि ली, पहले से तैनात निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक पूछताछ की गई और फिर आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व विशेष निगरानी इकाई, पटना के डीएसपी संजय कुमार वर्मा ने किया। टीम में एसआई अजय कुमार सिंह, अविनाश कुमार झा, त्रिपुरारी प्रसाद, रंजीत कुमार और पीटीसी दिलीप कुमार शामिल थे।
घटना के बाद नरपतगंज अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमि से जुड़े मामलों में रिश्वतखोरी लंबे समय से एक बड़ी समस्या बनी हुई थी। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को आम लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश बताया है, वहीं इससे अन्य भ्रष्ट कर्मचारियों में भी डर का माहौल बन गया

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *