:
Breaking News

किऊल थाना से सौ मीटर दूर मैट्रिक छात्र की चाकू से हत्या, पुरानी दुश्मनी में उजड़ा परिवार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय | 21 जनवरी 2026
लखीसराय जिले के किऊल थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब थाना से महज सौ मीटर की दूरी पर एक नाबालिग छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक मैट्रिक का सेंटअप छात्र था और स्कूल जाने की तैयारी में घर से निकला था। इस दुस्साहसिक वारदात ने न केवल पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल भी पैदा कर दिया है।
मृतक की पहचान गोड़ीह गांव निवासी मनोज यादव के करीब 16 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गौरव अपने चाचा कृष्णकांत यादव के कोचिंग संस्थान में पढ़ने जा रहा था। कृष्णकांत यादव गांव के वार्ड सदस्य हैं और वृंदावन क्षेत्र में निजी कोचिंग चलाते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे रुदल यादव और उसके नाबालिग पुत्र सागर कुमार ने गौरव को अकेला पाकर रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने पहले लाठी-डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर पास ही स्थित बिसहरी स्थान मंदिर में रखे त्रिशूल और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने मौके से नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया और उसे किऊल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, मुख्य आरोपी रुदल यादव वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गौरव को परिजनों की मदद से लखीसराय सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. राज अभय ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया जाता है कि वर्ष 2014 में आरोपी रुदल यादव के पिता की हत्या हुई थी, जिसमें गौरव के पिता मनोज यादव को आरोपी बनाया गया था। इस मामले में मनोज यादव को जेल भी जाना पड़ा था। बाद में स्थानीय स्तर पर सामाजिक पहल के जरिए दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और मामला शांत हो गया था। वर्तमान में मनोज यादव हरियाणा में ईंट-भट्ठा का संचालन कर रहे हैं।
हालांकि, बताया जा रहा है कि समझौते के बावजूद रुदल यादव के मन में बदले की आग सुलगती रही और उसी का शिकार मासूम गौरव बन गया। पुलिस इस एंगल से भी मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद गोड़ीह गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में गश्त बढ़ा दी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *