:
Breaking News

एनकाउंटर में घायल, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का परमानंद यादव अब कानून के शिकंजे में

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का संदेश दिया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय शूटर और कुख्यात अपराधी परमानंद यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। यह मुठभेड़ मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एनएच-22, लाला बीघा के पास हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, परमानंद यादव लातेहार (झारखंड) का रहने वाला है और उस पर हत्या, रंगदारी और लूट के कई दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यह कुख्यात शूटर मसौढ़ी की ओर भाग रहा है, जिसके बाद तुरंत घेराबंदी शुरू की गई।
एनकाउंटर के दौरान अपराधी बाइक से भागते हुए असंतुलित होकर गिर गया। खुद को घिरा देख उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में परमानंद यादव को पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से पिस्टल और गोलियां बरामद की गई हैं।
एसपी ईस्ट, परिचय कुमार ने बताया, “गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग की, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार है और इलाज चल रहा है। पुलिस बिश्नोई गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।”
पटना पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए बिहार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “हमारी टीम लगातार गिरोहबंदी और एनकाउंटर रणनीति के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरत रही है। जब से हमने यह नीति शुरू की है, तब से कानून और व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है। हमारी पुलिस जनता के विश्वास पर खरी उतरी है।”
इस मुठभेड़ के बाद राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर जनता में भरोसा और बढ़ गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और अन्य अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *