मैरवा मेडिकल कॉलेज बनेगा स्वास्थ्य क्रांति का केंद्र, जिले को मिलेंगी 71 नई योजनाएं
सिवान।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा आज अपने छठे दिन सिवान पहुंच रही है। इस यात्रा के तहत मुख्यमंत्री जिले को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। सिवान में कुल 201.83 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 71 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा, जिससे जिले की बुनियादी संरचना को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 156.89 करोड़ रुपये की लागत से 40 योजनाओं का शिलान्यास, जबकि 44.94 करोड़ रुपये से तैयार 31 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इन योजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत भवन, सड़क, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े कई अहम प्रोजेक्ट शामिल हैं।
मैरवा मेडिकल कॉलेज पर रहेगा विशेष फोकस
मुख्यमंत्री का पहला पड़ाव मैरवा होगा, जहां वे निर्माणाधीन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का निरीक्षण करेंगे। यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार की जा रही है। इसके पूरा होने के बाद सिवान समेत आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन करेंगे और जीविका से जुड़ी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। इसके अलावा वे सीएचसी मैरवा और एएनएम कॉलेज का भी दौरा करेंगे।
जनसंवाद और समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री राजेंद्र स्टेडियम या निर्धारित स्थल पर जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देंगे।
कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, स्थानीय सांसद, विधायक एवं विधान पार्षद भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री सात निश्चय–पार्ट तीन के तहत एक करोड़ रोजगार व नौकरियों, आय बढ़ाने और सामाजिक विकास से जुड़े संकल्पों को दोहराएंगे।
समृद्धि यात्रा का विस्तार
समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री अब तक पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज और सारण जिलों का दौरा कर चुके हैं। इन जिलों में हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं की नींव रखी गई है। यह यात्रा 24 जनवरी तक चलेगी, जिसमें मुजफ्फरपुर और वैशाली भी शामिल हैं। कुल मिलाकर 8 दिनों में 9 जिलों को कवर किया जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
मुख्यमंत्री के सिवान दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। विशेषकर मैरवा क्षेत्र, जो उत्तर प्रदेश सीमा से सटा हुआ है, वहां सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। सीमावर्ती इलाकों में आवागमन अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया है और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
शहर के प्रमुख मार्गों पर दोपहिया वाहन, ई-रिक्शा और टोटो के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और सहयोग की अपील की है।
जिले में उत्साह का माहौल
मेडिकल कॉलेज, पंचायत भवन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की घोषणा से सिवान के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आज का दिन जिले के विकास इतिहास में एक अहम अध्याय जोड़ने वाला है।