:
Breaking News

बैंक से निकासी के बाद ठगी का जाल, सीवान में सक्रिय उचक्का गिरोह ने महिला से उड़ाए 10 हजार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

भरोसे और भावनाओं से खेलकर महिला, बुजुर्ग और सीधे-साधे लोगों को बना रहे शिकार

सीवान।बिहार के सीवान जिले में बैंक से पैसे निकालकर घर लौटने वाले लोगों के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है। यहां एक शातिर उचक्का गिरोह सक्रिय है, जो खासतौर पर महिलाओं, बुजुर्गों और सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाकर उनकी मेहनत की कमाई पलक झपकते ही गायब कर रहा है। ताजा मामला महाराजगंज शहर से सामने आया है, जहां झांसा देकर एक महिला से 10 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार दरौंदा थाना क्षेत्र के कोथुआ सारंगपुर गांव निवासी मालती देवी महाराजगंज स्थित सेंट्रल बैंक से 10 हजार रुपये की निकासी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान दो युवक उनके पीछे-पीछे चलते रहे। जैसे ही महिला बोर्ड मिडिल स्कूल के पास पहुंचीं, दोनों युवकों ने उन्हें रोककर कहा कि उनके किसी रिश्तेदार की तबीयत अचानक खराब हो गई है और वे पीएचसी में भर्ती हैं। भावनात्मक बातों में आकर महिला उनके साथ चली गईं।
पीएचसी के पास पहुंचते ही एक युवक ने कागज के बंडल को रुपये बताकर महिला को थमाया और कहा कि यह ज्यादा पैसा है, इसे आप रख लीजिए, जबकि अपने पास मौजूद असली पैसे उन्हें दे दें। भरोसे में आई महिला ने बिना शक किए अपने 10 हजार रुपये दोनों युवकों को सौंप दिए। इसके बाद दोनों ठग मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो वह रोने-चिल्लाने लगीं।
घटना की सूचना मिलने पर महिला ने महाराजगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते एक महीने के भीतर इस तरह की यह तीसरी वारदात सामने आ चुकी है, जिससे साफ है कि यह संगठित गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहा है।
लगातार हो रही घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से पैसा निकालने के बाद किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं, न ही किसी बहाने से अपनी नकदी किसी को सौंपें। थोड़ी-सी लापरवाही भारी नुकसान में बदल सकती है, क्योंकि अगला शिकार कोई भी हो सकता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *