:
Breaking News

बड़हिया प्रखंड में मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित, नल-जल व बिजली व्यवस्था पर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बड़हिया।प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बीआरसी भवन में गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देशानुसार मासिक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने की। इस बैठक में प्रखंड प्रमुख इंदु देवी सहित सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और विभागीय पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों पर अब तक की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा करना था। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बारी-बारी से अपने-अपने पंचायतों की जमीनी समस्याओं और आवश्यकताओं को सामने रखा।
बैठक में सबसे अधिक शिकायतें नल-जल योजना एवं बिजली विभाग से संबंधित रहीं। कई पंचायतों के वार्डों में नल-जल योजना की स्थिति अत्यंत दयनीय बताई गई। जनप्रतिनिधियों ने विभागीय उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं कृषि विद्युत व्यवस्था में व्याप्त खामियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
इस पर संबंधित पदाधिकारी ने जानकारी दी कि पिछली बैठक के बाद टाल क्षेत्र स्थित सायरबीघा समेत अन्य स्थानों पर दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है।
गंगासराय पंचायत के वार्ड संख्या 8, 9, 11, 12 एवं 13 में पीएचईडी की बोरिंग खराब होने की शिकायत करते हुए जनप्रतिनिधियों ने सीनियर बेसिक स्कूल के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण, विवाह भवन निर्माण तथा पंचायत भवन के अधूरे कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी। वहीं लक्ष्मीपुर पंचायत में उद्घाटित पंचायत सरकार भवन में अब तक हल्का कर्मचारी की प्रतिनियुक्ति नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) एवं शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए गए। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कई सड़कों का टेंडर हो जाने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जबकि बाढ़ के दौरान शुरू हुआ पुल निर्माण कार्य भी लंबे समय से ठप पड़ा है। वहीं डुमरी पंचायत अंतर्गत मात्र दो कमरों में संचालित मध्य विद्यालय में सैकड़ों बच्चों के पठन-पाठन में हो रही कठिनाइयों की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया गया।
इस अवसर पर जिला आवासीय कन्या विद्यालय में नामांकन से संबंधित जानकारी दी गई। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी श्रवण कुमार ने किसानों से ई-केवाईसी एवं फार्मर आईडी बनवाने की अपील करते हुए कहा कि इससे पीएम किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने पंचायतों में लाभुक किसानों का ई-केवाईसी एवं एफआर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं।
बैठक के उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने कहा कि पिछली बैठक में उठाई गई समस्याओं के अनुपात में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पंचायतों से प्राप्त समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से नल-जल एवं बिजली विभाग के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पेटी ठेकेदारी व्यवस्था के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है, जिस पर वरीय पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समाधान निकाला जाएगा।
बैठक में जिला परिषद सदस्य विनीता कुमारी ने जिला परिषद की भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया, जिस पर एसडीओ ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में बीडीओ प्रतीक कुमार, सीओ राकेश आनंद, जिला कृषि पदाधिकारी श्रवण कुमार, मत्स्य विभाग से पूजा कुमारी सहित स्वास्थ्य, आईसीडीएस, पशुपालन, जीविका, श्रम, सांख्यिकी, खाद्य आपूर्ति, बिजली एवं पीएचईडी विभाग के पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *