:
Breaking News

कर्पूरी ठाकुर जयंती पर मुख्यमंत्री आगमन को लेकर डीएम–एसपी ने की विधि-व्यवस्था समीक्षा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर। आगामी 24 जनवरी 2026 को भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित आगमन को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और प्रशासनिक समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपने-अपने निर्धारित दायित्व स्थलों पर समय से पूर्व अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा पूरे कार्यक्रम अवधि के दौरान मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि हेलीपैड, स्मृति भवन, महाविद्यालय परिसर, कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर तैनात सभी पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी संयुक्त आदेश में वर्णित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा एवं कार्यक्रम की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया और कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक के उपरांत जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने स्वयं हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा घेरों, पार्किंग स्थल तथा मार्गों का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद पदाधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात सुचारु रखने, आपात सेवाओं की तत्परता तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह को ऐतिहासिक, सुव्यवस्थित और पूर्णतः सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं, ताकि माननीय मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *