:
Breaking News

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का दूसरा चरण 27 जनवरी से

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर के दौरे का कार्यक्रम जारी

पटना। बिहार सरकार द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश निर्गत किया गया, जिसके तहत मुख्यमंत्री 27 जनवरी से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 27 जनवरी को मधुबनी, 28 जनवरी को दरभंगा तथा 29 जनवरी को समस्तीपुर जिले का भ्रमण करेंगे।
मंत्रिमंडल सचिवालय द्वारा संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक प्रशासनिक, सुरक्षा एवं विकासात्मक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जिलों में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की जमीनी स्तर पर समीक्षा करेंगे तथा आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं की जानकारी प्राप्त करेंगे।
समृद्धि यात्रा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों का समाधान करना है। इस दौरान आयोजित समीक्षा बैठकों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
पहले चरण की बात करें तो मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चली थी। इस चरण में मुख्यमंत्री ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सारण और सीवान जिलों का दौरा किया। इसके अलावा 23 जनवरी को मुजफ्फरपुर तथा 24 जनवरी को वैशाली जिले का भ्रमण किया गया। यात्रा के दौरान हुई समीक्षा बैठकों में मुख्यमंत्री ने सात निश्चय–2 एवं सात निश्चय–3 योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति और प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की थी।
दूसरे चरण की शुरुआत के साथ ही एक बार फिर प्रशासनिक महकमा सक्रिय हो गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस यात्रा के माध्यम से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *