:
Breaking News

छत्तीसगढ़ स्टील प्लांट हादसा: गया के छह मजदूरों की मौत, गांव में पसरा मातम

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

गयाजी। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार स्थित एक निजी स्टील प्लांट में हुए भीषण विस्फोट ने बिहार के गया जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है। रोज़गार की तलाश में परदेस गए गया के डुमरिया प्रखंड के गोटीबांध गांव के छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और हर घर में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह स्टील प्लांट में कोयला भट्ठी के पास अचानक विस्फोट हुआ। गैस रिसाव और आग की चपेट में आने से मौके पर ही छह मजदूरों की जान चली गई। मृतकों की पहचान श्रवण कुमार (22), राजदेव कुमार (22), जितेंद्र (37), बदरी भुइयां (42), विनय भुइयां (40) और सुंदर भुइयां (40) के रूप में हुई है। सभी मृतक गया जिले के नक्सल प्रभावित गोटीबांध गांव के निवासी थे।
हादसे में कल्पू भुइयां (44) और रामू भुइयां (34) समेत कुल पांच मजदूर घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। घायलों में कुछ मजदूर झारखंड के भी बताए जा रहे हैं। इस दुर्घटना ने कई परिवारों को पूरी तरह तोड़ दिया है। सुंदर भुइयां और उनके बेटे राजदेव की एक साथ मौत हो गई, वहीं विनय भुइयां अपने पीछे एक बेटा और चार बेटियों को छोड़ गए हैं। जितेंद्र की चार महीने की बेटी अब कभी अपने पिता को नहीं देख पाएगी।
परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक श्रवण के पिता शंकर भुइयां और बदरी भुइयां की पत्नी सरिता देवी ने कहा कि रोज़गार के नाम पर मजदूरों को बाहर ले जाकर सुरक्षा के इंतजामों की अनदेखी की गई। उन्होंने सरकार से न्याय और मुआवजे की मांग की है।
हादसे पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की जांच कराने और मृतकों के शवों को बिहार लाने की पहल का भरोसा दिलाया है। फिलहाल गोटीबांध गांव में चूल्हे नहीं जले हैं, हर तरफ आंसू और सिसकियों का माहौल है। यह हादसा एक बार फिर परदेस में मजदूरी करने वाले बिहार के गरीब मजदूरों की असुरक्षित ज़िंदगी की सच्चाई को उजागर करता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *