मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा अपने अहम चरण में पहुंच चुकी है। यात्रा के सातवें दिन शुक्रवार (23 जनवरी) को मुख्यमंत्री मुजफ्फरपुर पहुंच रहे हैं, जहां वे जिले को करीब 850 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक विशेष इंतजाम किए गए हैं।
समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं, साथ ही नई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर में सड़क, स्वास्थ्य, आवास, प्रशासनिक ढांचे और व्यापारिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने की घोषणा की जाएगी।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बखरी चौक से शुरू होगा, जहां वे बखरी चौक से चांदनी चौक तक बन रही सड़क का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे बाजार समिति परिसर पहुंचेंगे, जहां कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री आम लोगों से संवाद भी करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री चंदवारा शहर में बने एक नए पुल और व्यवसायियों के लिए बाजार समिति में निर्मित आधुनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे जीविका दीदियों से संवाद कर उनके अनुभव और समस्याएं भी सुनेंगे।
ग्रामीण और सामाजिक विकास को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पारू प्रखंड में 46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 520 बेड के अति पिछड़ा वर्ग बालिका छात्रावास का शिलान्यास करेंगे। वहीं जिले में 32 पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की भी आधारशिला रखी जाएगी। बाजार समिति में 71 करोड़ रुपये की लागत से बने प्रशासनिक भवन और 283 नई दुकानों का उद्घाटन भी कार्यक्रम में शामिल है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, एनएचएआई, पथ निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। गौरतलब है कि पिछले वर्ष प्रगति यात्रा के दौरान रामदयालु नगर से चांदनी चौक तक सिक्स लेन सड़क को स्वीकृति मिली थी, लेकिन एनएचएआई से एनओसी न मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका था। समृद्धि यात्रा के दौरान इस अटके प्रोजेक्ट पर भी विशेष चर्चा और समीक्षा की जाएगी।
कार्यक्रम स्थल पर सात निश्चय योजना पार्ट-2 और पार्ट-3, साथ ही प्रगति यात्रा में स्वीकृत 10 प्रमुख योजनाओं की प्रगति का डिस्प्ले भी लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं बखरी चौक पर इन योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा 16 जनवरी को शुरू हुई थी, जो राज्य के 9 जिलों से होकर गुजर रही है। यह यात्रा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी से होते हुए अब मुजफ्फरपुर पहुंच रही है। इसके बाद वैशाली, सारण, सीवान और गोपालगंज में यात्रा का समापन प्रस्तावित है।
समृद्धि यात्रा के जरिए सरकार का फोकस विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने, योजनाओं की निगरानी और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने पर है, और मुजफ्फरपुर इसका एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।