:
Breaking News

वैशाली में जमीन घोटाले का पर्दाफाश, जेडीयू के पूर्व जिला प्रवक्ता गिरफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

वैशाली। वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़ी ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सत्ताधारी जेडीयू के पूर्व जिला प्रवक्ता कुमारेश्वर सहाय को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक महिला को गलत जमीन का बैनामा कर लगभग 19 लाख 95 हजार रुपये की ठगी की। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुजफ्फरपुर से दबोच लिया।
यह मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के सतपुरा गांव की रहने वाली मुन्नी देवी से जुड़ा है। पीड़िता ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि कुमारेश्वर सहाय ने उन्हें जमीन दिखाकर बैनामा कराया, लेकिन बाद में जब जमीन का म्यूटेशन नहीं हो सका तो धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। महिला ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
पीड़िता के अनुसार, दबाव बढ़ने पर आरोपी ने 13 लाख और 10 लाख रुपये के दो अलग-अलग चेक दिए, लेकिन दोनों ही चेक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गए। इसके बाद आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और संपर्क भी तोड़ लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर थाने में कांड संख्या 304/25 दर्ज की गई। एफआईआर के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह मुजफ्फरपुर जिले में छिपकर रह रहा है। इसके बाद भगवानपुर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी और अपर थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे मुजफ्फरपुर के तिलक मैदान रोड इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए सदर एसडीपीओ-02 गोपाल मंडल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हाजीपुर एसीजेएम-6 की अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी था। लंबे समय से वह कानून से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से भगवानपुर थाना क्षेत्र के असतपुर सतपुरा गांव का निवासी है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। जमीन से जुड़े इस कथित घोटाले ने एक बार फिर भू-माफियाओं और राजनीतिक प्रभाव के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *