पटना: भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर्पूरीग्राम आगमन को लेकर भाकपा माले ने मुख्यमंत्री से राज्य और स्थानीय विकास से जुड़े 15 गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने इन सवालों के जरिए सरकार की नीतियों, विकास योजनाओं और किसानों तथा स्थानीय जनता के हितों पर सवाल खड़ा किया है।
भाकपा माले के सवाल मुख्य रूप से कर्पूरीग्राम और ताजपुर क्षेत्र में अधूरी योजनाओं के कार्यान्वयन, किसानों की समस्याओं, स्थानीय उद्योगों, बिजली और जल आपूर्ति, मनरेगा एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित हैं।
सवालों का सार इस प्रकार है:
भोला टॉकीज रेल गुमटी पर ऑवरब्रीज निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा या नहीं?
ताजपुर का विधानसभा दर्जा पुनः बहाल किया जाएगा, ताकि कर्पूरी ठाकुर की कर्मभूमि का राजनीतिक महत्व सुरक्षित रहे?
समस्तीपुर चीनी मिल और ठाकुर पेपर मिल जो अंग्रेजी शासन में स्थापित होने के बाद बंद हो गए थे, उन्हें चालू कराया जाएगा?
तत्कालीन मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर द्वारा शुरू की गई जमुआरी नदी परियोजना को पूरा किया जाएगा?
कर्पूरीग्राम-ताजपुर-महुआ-भगवानपुर नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दिलाने में पहल होगी?
भूमिहीनों को वास भूमि, सरकारी जमीन पर बसे लोगों को पर्चा, आवास विहीनों को घर और पहुंच पथ की सुविधा प्रदान की जाएगी?
थाना, अंचल, प्रखंड, मनरेगा, आपूर्ति एवं बाल विकास कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाएगी?
रासायनिक खाद जैसे यूरिया, डीएपी की कालाबाजारी पर रोक लगाकर किसानों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी?
नगर निगम क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि पर लागू दोहरे टैक्स और मालगुजारी को समाप्त किया जाएगा?
कृषि फीडर का विकास और खेत तक बिजली पहुंचाना, किसानों को नि:शुल्क बिजली आपूर्ति करना सुनिश्चित किया जाएगा?
ताजपुर प्रखंड में सब्जी एवं मसाला आधारित उद्योग लगाकर किसानों को विशेष सुविधाएं, जैसे नि:शुल्क खाद, बीज, बिजली, पानी और कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे?
दूधपूरा हवाई क्षेत्र का जीर्णोद्धार और विकास-विस्तार किया जाएगा?
किसान रजिस्ट्री में खाता-खेसरा नंबर की अनिवार्यता के कारण वंचित किसानों को शामिल कर वंशावली के अनुसार अद्यतन किया जाएगा?
मनरेगा का नाम बदलने और महात्मा गांधी का नाम हटाने, 44 श्रम कोड, बिजली विधेयक 2025, MSP, केसीसी लोन माफ़ी, बेरोजगार युवाओं के लिए पेंशन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे सामाजिक कल्याण संबंधी मुद्दों पर सरकार की पहल होगी?
ताजपुर को पुनः अनुमंडल और रोसड़ा को जिला का दर्जा दिया जाएगा?
भाकपा माले का कहना है कि ये सवाल राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और जनता के विकास पर केंद्रित हैं। पार्टी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर अपने आगमन के अवसर का उपयोग करके इन मुद्दों पर स्पष्टता दें और जनता को आश्वासन दें।
स्थानीय नेताओं का मानना है कि इन सवालों के जवाब बिहार की राजनीति और कर्पूरीग्राम क्षेत्र के विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।