:
Breaking News

नवादा में पेंटिंग का काम कर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नवादा जिले में गुरुवार की रात बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। मामला कौआकोल थाना क्षेत्र के जोगाचक गांव के समीप का बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान जोगाचक गांव निवासी विनोद यादव के 28 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है। अजीत पेशे से पेंटर था और पेंटिंग के साथ-साथ छोटे-मोटे काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। गुरुवार की रात वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांधीधाम पुल के पास घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बनाया और नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही अजीत सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
रात में सड़क किनारे शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कौआकोल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कौआकोल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीएचसी पहुंच गए। वहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराजगी जताई।
मृतक के परिजनों का कहना है कि अजीत ही घर का मुख्य सहारा था। उसकी पत्नी गर्भवती है और परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। अब इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने पुलिस से दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
फिलहाल इस हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आपसी विवाद की आशंका सामने आ रही है। कौआकोल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था, उसी कड़ी में घटना को अंजाम दिए जाने की संभावना है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं और बढ़ेंगी। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *