:
Breaking News

समस्तीपुर मंडल में महिला स्वास्थ्य शिविर आयोजित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर, 23 जनवरी 2026।
पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल द्वारा महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए शुक्रवार को एक विशेष महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर महिला कल्याण संगठन एवं मंडलीय चिकित्सा विभाग, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में मंडल मुख्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य महिला कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की नियमित जांच के साथ-साथ उन्हें महिला स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को कर्मचारियों के कल्याण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
मंडल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कुल 84 महिलाओं की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के अंतर्गत सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, हीमोग्लोबिन स्तर की जांच, स्त्री-रोग संबंधी परामर्श के साथ-साथ आवश्यकतानुसार दवाइयां एवं चिकित्सकीय सुझाव भी प्रदान किए गए। इसके अलावा महिलाओं को नियमित जांच, संतुलित आहार, व्यायाम एवं तनाव मुक्त जीवनशैली अपनाने के महत्व पर विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया गया।
चिकित्सकों ने महिलाओं को यह भी बताया कि समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में ही संभव हो जाती है, जिससे उपचार सरल और प्रभावी होता है। शिविर में मौजूद महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्यस्थल पर इस तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होना उनके लिए बेहद उपयोगी है।
अधिकारियों ने कहा कि भारतीय रेल अपने कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। इसी क्रम में समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि कर्मचारी स्वस्थ रहकर पूरी क्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
महिला कल्याण संगठन एवं चिकित्सा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह शिविर महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ है। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की योजना है, जिससे महिला कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और निरंतर चिकित्सकीय सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *