:
Breaking News

कर्पूरी ठाकुर के अधूरे सपनों को पूरा करने की मांग, ताजपुर में भाकपा माले ने बनाई मानव श्रृंखला

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

ताजपुर/समस्तीपुर | 24 जनवरी 2026
सामाजिक न्याय के महानायक भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की स्मृति में उनके अधूरे सपनों को पूरा कराने की मांग को लेकर शनिवार को ताजपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित राजधानी चौक पर भाकपा माले के बैनर तले भव्य मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग हाथों में तख्तियां, झंडे और बैनर लेकर सड़क किनारे कतारबद्ध खड़े नजर आए। पूरे इलाके में जननायक कर्पूरी ठाकुर अमर रहें और सरकार जवाब दे जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।
मानव श्रृंखला के माध्यम से भाकपा माले ने न सिर्फ कर्पूरी ठाकुर द्वारा शुरू की गई लेकिन अधूरी पड़ी योजनाओं को पूरा करने की मांग की, बल्कि क्षेत्र से जुड़ी कई जनहितैषी समस्याओं को भी सरकार के सामने मजबूती से उठाया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में जमुआरी नदी परियोजना को पूरा करना, कर्पूरीग्राम–ताजपुर–महुआ–भगवानपुर रेल लाइन को मंजूरी देना, मुक्तापुर रेल ओवरब्रिज का निर्माण शुरू करना, दूधपूरा हवाई अड्डा चालू करना, ताजपुर को पुनः विधानसभा व अनुमंडल का दर्जा देना और रोसड़ा को जिला घोषित करना शामिल रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय, गरीबों, किसानों और वंचितों के सच्चे मसीहा थे। उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार वर्षों से इन योजनाओं को लटकाए हुए है, जिससे आम जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि सरकार ने इन मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो भाकपा माले जनआंदोलन को और तेज करेगी।
भाकपा माले नेता आसिफ होदा ने कहा कि ताजपुर, जो कर्पूरी ठाकुर की कर्मभूमि रहा है, उससे विधानसभा का दर्जा छीना जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसे पुनः विधानसभा क्षेत्र घोषित किया जाना चाहिए। वहीं ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने सरकार से कर्पूरी ठाकुर द्वारा शुरू की गई किसान हितैषी जमुआरी परियोजना को अविलंब पूरा करने की मांग की। मो. एजाज ने रेल, हवाई अड्डा और प्रशासनिक दर्जे से जुड़ी मांगों को उठाते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास इन परियोजनाओं के बिना संभव नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान भ्रष्टाचार, भूमिहीनों को जमीन, पर्चाधारियों को कब्जा, मनरेगा, आपूर्ति, राजस्व, बाल विकास विभाग में व्याप्त अनियमितताओं, खाद-बीज की कालाबाजारी और किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला गया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर जनहित के सवालों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को जिला स्तर से राज्य स्तर तक ले जाया जाएगा।
मानव श्रृंखला में भाकपा माले के राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, संजीव राय, चांद बाबू, संतोष साह, शाद तौहीदी, मो. मोखलिस, मो. रहमान, महावीर सिंह, रवींद्र शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। मौके पर प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट और पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *