:
Breaking News

इलाज बना मौत की वजह? एसकेएमसीएच में गर्भवती नवविवाहिता की मौत से मचा हड़कंप

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) में इलाज के दौरान एक गर्भवती नवविवाहिता की मौत ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। मृतका के परिजनों ने इलाज में लापरवाही, अवैध वसूली और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मृत महिला की पहचान 23 वर्षीय बबीता कुमारी के रूप में हुई है, जो सीतामढ़ी जिले के बौखरा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया गया कि बबीता की शादी हाल ही में हुई थी और वह गर्भवती थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया था।
परिजनों का आरोप है कि जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बबीता के शरीर में खून की भारी कमी है और तुरंत ब्लड चढ़ाने की जरूरत है। लेकिन अस्पताल में खून उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर कर्मियों ने बाहर से खून मंगाने की बात कही। आरोप है कि इसके एवज में पहले 20 हजार रुपये की मांग की गई, जिसे बाद में 12 हजार रुपये में तय किया गया। खून चढ़ाने के कुछ समय बाद ही बबीता की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने महिला की बिगड़ती स्थिति को लेकर डॉक्टरों और कर्मचारियों से मदद की गुहार लगाई, तो इलाज में सुधार के बजाय उनके साथ बदसलूकी की गई। आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने परिजनों के साथ मारपीट भी की, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और न्याय की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मेडिकल कॉलेज ओपी प्रभारी गौतम कुमार गुप्ता ने बताया कि मरीज की मौत के बाद अस्पताल में विवाद की स्थिति बनी थी। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने न सिर्फ मृतका के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि सरकारी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता, संसाधनों की उपलब्धता और मरीजों के साथ व्यवहार पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *